भास्कर संवाददाता | बांसवाड़ा
शक्कर के दाम में 820 प्रति क्विंटल की बड़ी गिरावट आई है। लेकिन इसका फायदा लोगों को नहीं मिल पा रहा है। क्योंकि रिटेल में किराणा व्यापारियों ने शक्कर के दाम नहीं गिराए है। उपभोक्ताओं से ज्यादा राशि वसूलने की कई शिकायतें मिल रही है। एक साल पहले शक्कर का भाव 3600 रुपए क्विंटल था, तब रिटेलर व्यापारियों ने शक्कर 38 से 40 रुपए प्रति किलो के हिसाब से बेची थी। अब भाव 3600 रुपए से कम होकर 2780 रुपए प्रति क्विंटल हो गया है, इसके बावजूद कीमतें नहीं घटाई गई है। व्यापारियों ने बताया कि शक्कर में प्रति किलो मार्जिन 30 पैसे का होता है लेकिन कई व्यापारी अभी 12 रुपए का मार्जिन कमा रहे हैं। उपभोक्ताओं को जानकारी नहीं होने से वे भी इसका विरोध नहीं कर पा रहे हैं। इस मामले में सहायक आयुक्त बिक्री कर वेद प्रकाश मित्तल ने जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है।