भास्कर संवाददाता | बांसवाड़ा/तलवाड़ा
नवोदय स्कूल में कक्षा 9 में प्रवेश के लिए शनिवार सुबह 10 से दोपहर 12.30 बजे के बीच परीक्षा हुई। बच्चों को परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों का जवाब देने के लिए दी गई ओएमआर शीट में गड़बड़ी सामने आई। इस ओएमआर शीट में प्रश्न के 100 गोले दर्शाए गए, लेकिन उनके जवाब देने के दिए गए गोले 94 ही पाए गए।
लोधा स्थित केंद्र पर परीक्षा देने गए तलवाड़ा निवासी हेमीश जैन ने यह गलत पकड़ी और इसकी जानकारी वीक्षक को दी। हेमीश ने बताया कि ओएमआर शीट में दिए गए प्रश्नों की संख्या तो 100 है, लेकिन उनके जवाब भरने के लिए गोल 94 ही हैं, ऐसे में परीक्षार्थी को 6 प्रश्नाें का जवाब देने में परेशानी आएगी। इसके अलावा जो गोले दिए गए हैं, वे भी प्रश्न संख्या के बिल्कुल सामने न होकर ऊपर नीचे हैं। छात्र के कहने पर वीक्षक ने कुछ छात्रों की शीट बदल दी लेकिन उनमें भी यही स्थिति थी। हेमीश ने परीक्षा देने के बाद घर आकर पिता को यह बात बताई तो इंटरनेट से प्रवेश परीक्षा की ओएमआर शीट निकाली। इसमें भी यही स्थिति थी।
शीट में 1 से 15 के कॉलम में 14 गोले, 16 से 25 में 10 की जगह 9 गोले, 31 से 50 में 20 की जगह 18 कॉलम, 51 से 65 तक में 15 की जगह 14, 66 से 100 के बीच 35 की जगह 34 कॉलम ही दर्शाए गए। ऐसी स्थिति छात्रों को परीक्षा देने में परेशानी का सामना करना पड़ा। लोधा केंद्र पर 230 और कूपड़ा माध्यमिक स्कूल में 176 छात्रों ने परीक्षा दी थी।
शीट को बताता हेमाशी जैन।