भास्कर संवाददाता | बांसवाड़ा
रेलवे भर्ती बोर्ड की ओर से करीब 90 हजार पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन भरने वाले 2 करोड़ से अधिक अभ्यर्थियों को अब रेलवे भर्ती परीक्षा का इंतजार हैं। रेलवे ने अब तक इस भर्ती के लिए तिथि की घोषणा नहीं की है। माना जा रहा है कि अगले सप्ताह में रेलवे इन पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा की तिथि की घोषणा कर सकता है। रेलवे ने ग्रुप डी के 62 हजार 502 और सहायक लोको पायलट समेत विभिन्न संवर्ग के 26 हजार से ज्यादा पदों की भर्ती निकाली थी। इसके लिए 31 मार्च 2018 तक ऑनलाइन आवेदन भराए गए थे। देश में रेलवे में अब तक की सबसे बड़ी भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थियों के बैठने का भी रिकॉर्ड कायम होने के आसार नजर आ रहे हैं।
26 हजार 502 पदों के लिए 40 लाख से अधिक अभ्यर्थी : इधर, बोर्ड द्वारा दूसरी भर्ती सहायक लोको पायलट व तकनीशियन के 26 हजार 502 पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन भराए गए हैं। इन पदों के लिए भी रेलवे भर्ती बोर्ड को 40 लाख से अधिक आवेदन मिले हैं।
रेलवे के लिए यह परीक्षा एक बड़ी चुनौती के रूप में सामने आ रही है। अभी रेलवे ने इन पदों पर भर्ती के लिए आयोजित होने वाली ऑन लाइन परीक्षा की तिथि तय नहीं की है। रेलवे के आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि अगले सप्ताह में तिथि तय की जा सकती है।
अब तक की सबसे बड़ी परीक्षा, रेलवे ने 31 मार्च तक भरवाए थे ऑनलाइन आवेदन
ग्रुप डी में 1.8 करोड़ से अधिक अभ्यर्थी
रेलवे भर्ती बोर्ड ग्रुप डी के 62 हजार 102 पदों पर भर्ती के लिए भर्ती परीक्षा आयोजित करेगा। इन पदों के लिए बोर्ड को देश भर में 1 करोड़ 80 लाख से अधिक आवेदन मिल चुके हैं। बोर्ड द्वारा हेल्पर इन इलेक्ट्रिकल वर्कशॉप, हेल्पर सामान्य सेवाएं, हेल्पर पावर ट्रेन लाइटिंग, हेल्पर टी आर डी, हेल्पर टी आर एस, हेल्पर ब्रिज, हेल्पर सिविल, हेल्पर टॉक मशीन, हेल्पर पी वे, हेल्पर वक्र्स, टाक मेंटनर ग्रेड चतुर्थ, हेल्पर मैकेनिकल, हेल्पर डीजल, हेल्पर सिग्नल, हेल्पर टेलीकम्यूनिकेशन, हेल्पर मेडिकल, हेल्पर कैरैज व वैगन,हेल्पर एस एंड टी, अस्पताल अटेंडेंट, सहायक पॉइंट्स मैन, गेटमैन, हम्माल, पोर्टर, स्वीपर आदि के पदों पर भर्ती की जानी है।