परशुराम जयंती की छुट्टी होने से स्कूलों के तीन और कॉलेज का एक पेपर टला
बांसवाड़ा। पहली बार परशुराम जयंती पर 18 अप्रैल को सरकारी छुट्टी घोषित के कारण स्कूल और कॉलेजों में इस दिन होने वाली परीक्षाओं को आगे खिसकाया गया है। इससे जिला समान परीक्षा कार्यक्रम के तहत चल रही कक्षा 9 और 11 के तीन विषयों और कॉलेज में भी प्रथम वर्ष का पेपर टल गया है। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक आरपी द्विवेदी ने बताया कि कक्षा 9 और 11 की इन दिनों परीक्षाएं चल रही हैं। तय टाइम टेबल के अनुसार 18 अप्रैल को 11वीं के राजनीति विज्ञान-कंप्यूटर ऐच्छिक और गृह विज्ञान की, जबकि नौवीं कक्षा के विज्ञान के पेपर होने थे, लेकिन परशुराम जयंती पर छुट्टी होने से अब अगले सभी पेपर खत्म होने के बाद होंगे। अब 18 अप्रैल के ये पेपर 26 अप्रैल को होंगे। उधर, गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. नरेंद्र पानेरी के अनुसार 18 अप्रैल को विश्वविद्यालय की ओर से एक ही परीक्षा प्रथम वर्ष कला वर्ग के छात्र-छात्राओं की पर्यावरण अध्ययन अनिवार्य विषय की थी। यह परीक्षा अब 19 अप्रैल को होगा।
सुखाड़िया विश्वविद्यालय के परीक्षार्थी तैयारी को लेकर टेंशन में : उधर, सुखाड़िया विश्वविद्यालय की परीक्षाओं को लेकर अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। इससे परीक्षार्थी टेंशन में है। तृतीय वर्ष की छात्रा महिमा जोशी ने बताया कि संस्कृत द्वितीय प्रश्न-पत्र 18 अप्रैल को है। अगर छुट्टी रहेगी, तो यह पेपर कब होगा, पता नहीं चल रहा।