वाटिका के बाहर खड़ी बाइक चुराई, होमगार्ड ने बदमाशों से छीन ली
बांसवाड़ा| उदयपुर मार्ग पर वाटिका के बाहर पार्क की पल्सर बाइक चुराकर सेरसपाटा कर रहे तीन बदमाशों से रविवार को एक होमगार्ड ने घायल होकर बाइक बरामद कर ली। होमगार्ड ने बदमाशों का पीछा भी किया लेकिन पैर पर चोट लगने के कारण पकड़ नहीं पाया। श्यामपुरा कॉलोनी निवासी कैलाश गामोट शनिवार रात एक शादी समारोह में शामिल होने अपनी ब्लैक कलर की पल्सर बाइक लेकर सीएमएचओ कार्यालय के पास एक वाटिका गए थे। इसी दौरान तीन बदमाशों ने उनकी बाइक चुरा ली। गामोट ने कोतवाली पुलिस को इत्तला दी। रविवार सुबह पंकज नामक होमगार्ड की किशनपोल दरवाजे के पास ड्यूटी थी। सुबह 10:30 बजे तेज रफ्तार में ब्लैक पल्सर लेकर आ रहे तीन युवकों को देख पंकज को कैलाश की बात याद आ गई। उसने बाइक सवार युवक को रोकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने बाइक नहीं रोकी। काफी संघर्ष के बाद बदमाश पंकज की ओर बाइक छोड़कर भाग गए।