ट्रक से लकड़ी तस्करी कर ले जा रहे थे हरियाणा, ट्रक जब्त, 2 तस्कर पकड़े
बांसवाड़ा। ट्रक से तस्करी कर हरियाणा ले जाई जा रही 12 टन से अधिक बेशकीमती खैर की लकड़ी को वन विभाग के गश्ती दल ने रविवार को छींच रोड़ पर नाकाबंदी कर पकड़ा। चालक और उसके साथी के पास लकड़ी के परिवहन संबंधी कागज नहीं होने पर लकड़ी समेत ट्रक को जब्त कर लिया। वहीं चालक उत्तर प्रदेश के चालक मोहम्मद हकीक और साथी पीर मोहम्मद से भी पूछताछ की जा रही है। वनपाल फरहतुल्ला खान ने बताया कि मुखबीर से इत्तला मिली थी कि बड़ी मात्रा में खैर की लकड़ी तस्करी की गुजरात ले जाई जा रही है। जिस पर सुबह टीम के साथ छींच रोड पर नाकाबंदी की। इस दौरान एक ट्रक को रुकवाकर तलाशी ली तो बड़ी मात्रा में खैर की लकड़ी भरी हुई थी। चालक ने बताया कि यह लकड़ी गुजरात से भरकर लाए थे और हरियाणा ले जा रहे थे। खैर की लकड़ी कत्था बनाने में इस्तेमाल होती है। इससे यह काफी महंगी होती है। एसीएफ शैदा हुसैन ने बताया कि खैर की तस्करी पर वन अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच की जाएगी। कार्रवाई टीम में सहायक वनपाल प्रतापसिंह चुंडावत, कालुराम कटारा, योगेश त्रिवेदी, वन रक्षक राकेश बरोड़ शामिल रहे।