भास्कर संवाददाता | बांसवाड़ा
विदेश में घूमने या नौकरी करने की चाह रखने वाले वागड़वासियों के लिए खुशखबरी है। बांसवाड़ा डूंगरपुर के लोगों को अब पासपोर्ट बनवाने के लिए 165 किमी दूर उदयपुर, 530 किमी दूर जयपुर या 480 किमी दूर जोधपुर तक दौड़भाग नहीं करनी पड़ेगी। बांसवाड़ा के प्रधान डाकघर में संभाग का दूसरा पासपोर्ट सेवा केंद्र खुल गया है। सोमवार से यह आमजन की सुविधा के लिए शुरू हो जाएगा। इस केंद्र पर बांसवाड़ा के अलावा पड़ोसी डूंगरपुर और प्रतापगढ़ के भी पासपोर्ट बनवाने के इच्छुक वेरिफिकेशन करवा पाएंगे। हालांकि शुरुआत में केंद्र में रोजाना महज 20 आवेदकों का ही वेरिफिकेशन किया जाएगा। बाद में इसकी संख्या बढ़ाकर 50 तक कर दी जाएगी। पासपोर्ट सेवा केंद्र सोमवार से शुक्रवार सुबह 9 से शाम 5.30 बजे तक खुला रहेगा। टोकन देने का समय सुबह 9 से शाम 4 बजे तक का होगा।
हर साल औसत 15 हजार लोग बनवाते हैं पासपोर्ट : बांसवाड़ा और डूंगरपुर से हर साल औसत 15 हजार लोग पासपोर्ट बनवाते है। यहां से बड़ी तादाद में लोग खाड़ी देशों में रोजगाररत है। मौजूदा समय में वागड़ से करीब 1 लाख लोग विदेशों में कार्यरत है। ऐसे में इन लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए पहले जयपुर-जोधपुर और उदयपुर तक दौड़भाग करनी पड़ती थी। साल 2012 में बांसवाड़ा से 9227, 2013 में 7161, 2014 में 8472, 2015 में 9058 लोगों ने पासपोर्ट बनवाया। इसके बाद से लगातार पासपोर्ट बनवाने वालों की तादाद में इजाफा हो रहा है। इस पासपोर्ट केंद्र से पड़ोसी प्रतापगढ़ के लोगों को भी फायदा मिलेगा।
पहले भी शुरू हुई थी पासपोर्ट आवेदन सेवा : डाकघर में पहले भी वर्ष 2004-06 में पासपोर्ट सेवा केंद्र प्रारंभ हुआ था,जहां आवेदन करने की सुविधा थी। ये सुविधा इसलिए बंद कर दी गई क्योंकि पासपोर्ट कार्यालय के वेब पास सॉफ्ट वेयर पर अपलोड करने में काफी समय लगता था और पासपोर्ट के लिए आवेदन करने वाले लोगों काे खासी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। साथ ही पुलिस वेरिफिकेशन के लिए पासपोर्ट के लिए अावेदन करने वाले व्यक्ति के दस्तावेजों को एसपी ऑफिस भिजवाने की जिम्मेदारी विभाग की थी। आवेदन सेवा केंद्र बंद होने का प्रमुख कारण ये भी रहा क्योंकि पूरी प्रक्रिया को पूरा होने में काफी समय लगता था और आवेदित किए गए फार्म निरस्त हो जाते थे।
शहर के मुख्य डाकघर में खुला पासपोर्ट सेवा केंद्र। जहां अब पासपोर्ट बनाए जाएंगे।
ऐसे होगी आपके समय और धन की बचत
बांसवाड़ा से उदयपुर की दूरी 165 किमी है, जिसे तय करने में करीब 3:30 मिनट और करीब 170 रुपए किराया लगता है। इसी प्रकार बांसवाड़ा से जयपुर की दूरी 530 किमी है जिसे तय करने में 11 घंटे और और 480 किमी दूर जोधपुर तक पहुंचने में 8 घंटे का लंबा सफर तय करना पड़ता है। बांसवाड़ा में नया पासपोर्ट सेवा केंद्र बनने से अब यहां के लोगों को इन तीनों की केंद्रों पर जाने की जरूरत नहीं रहेगी। ऐसे में समय और पैसा दोनों बचेंगे। इसी प्रकार डूंगरपुर से उदयपुर की दूरी 120 किमी है जबकि बांसवाड़ा मात्र 105 किमी है। इसके अलावा सागवाड़ा से बड़ तादाद में लोग विदेशों में है। सागवाड़ा से बांसवाड़ा की दूरी 67 किमी है।
भास्कर नॉलेज : मुझे पासपोर्ट बनवाना है, यह करना होगा
संबंधित व्यक्ति को ई-मित्र पर संपर्क कर जरूरी दस्तावेज देने होंगे। दस्तावेज में 10वीं की मार्कशीट, आधारकार्ड की कॉपी जमा करानी पड़ेगी। बैंक के जरिये आवेदन का तय शुल्क 1500 रुपए भरना होगा। पोस्टमास्टर जलीलुद्दीन शेख ने बताया कि मोबाइल नेट बैंकिंग से भी शुल्क जमा कर सकते हैं। आवेदन भरने के बाद आवेदक को एक तारीख मिलेगी। तय दिन पर प्रधान डाकघर में बने पासपोर्ट सेवा केंद्र में संपर्क करना होगा। जहां आवेदक के फिंगर प्रिंट लेकर फोटो खींचा जाएगा। इसके अलावा दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। यहां दो फाइल बनेंगी। एक आवेदक को दी जाएगी और दूसरी पासपोर्ट कार्यालय जयपुर भेजी जाएगी। इसके बाद पुलिस वेरीफिकेशन की प्रक्रिया ही बाकी रहेगी। तय समय बाद आवेदक को पासपोर्ट मिल जाएगा। पासपोर्ट बनवाने के लिए सरकार की विभागीय वेबसाइट पर भी आवेदन कर सकते हैं।