बांसवाड़ा/नवागांव| शहर की खांदू कॉलोनी की एक महिला से रविवार शाम 5 बजे गेमन पुल पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने ढाई तोले सोने की पहनी चेन छीन ली। पीड़िता लता प|ी महेंद्र दर्जी अपने भतीजे नीरज टेलर के साथ दानपुर में रिश्तेदारी में गोदभराई समारोह से लौट रही थी।
भतीजा नीरज बाइक चला रहा था। गेमन पुल पर पहुंच पीछे से बाइक पर सवार 3 युवकों ने लता को झपट्टा मार पहनी सोने की चेन छीन ली। इससे झटका लगने से बाइक का संतुलन बिगड़ा लेकिन नीरज ने संभाल लिया। वहीं झपट्टा मारने से नाखून लगने से लता घायल हो गई। अपने साथ एकाएक हुई इस वारदात से लता सहम गई। नीरज ने बताया कि बाइक का संतुलन जैसे-तैसे करके संभाला नहीं तो पुल के नीचे गिर जाते। बाद में तीनों बदमाश तेज रफ्तार में बाइक चलाते हुए शहर की और चले गए। बाद में नीरज ने आंबापुरा थाने में चेन स्नेचिंग की रिपोर्ट दर्ज कराई। तीनों बदमाश स्पोटर्स बाइक पर सवार थे ऐसे में किसी बाहरी गैंग के होने की आशंका बढ़ गई है। गौरतलब है कि दो साल पहले उदयपुर से आए बदमाशों ने शहर में सिलसिलेवार चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम दिया था।