रात 11.30 बजे : आवास से बाहर नहीं आए कलेक्टर तो धरने पर बैठ गए ग्रामीण
बांसवाड़ा/बागीदौरा| बागीदौरा बस स्टैंड के पास पंचायत की जमीन पर अतिक्रमण का मामला बुधवार रात को गरमा गया। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने तहसीलदार और एसडीएम को भी इस बारे में अवगत कराया था। लेकिन दोनों ही एक-दूसरे का मामला बता टालते रहे। बुधवार रात करीब 9 बजे कुछ लोगों ने आयोजन के नाम पर इस जमीन पर पत्थर डालकर चारदीवारी बनाने का काम शुरू कर दिया। इस पर अधिकारियों को बताया लेकिन कोई परिणाम नहीं निकला। इसके बाद करीब 50 ग्रामीण बस से रात 11.30 बजे कलेक्टर भगवती प्रसाद को हकीकत बताने उनके निवास पर पहुंचे, लेकिन वहां पर मौजूद सुरक्षागार्ड ने यह कहकर उनको मिलने से रोक दिया कि वे सो गए है। करीब एक घंटे तक लोग कलेक्टर से मिलने के लिए उनके निवास के बाहर धरना लगाकर बैठे रहे। रात करीब पौने एक बजे तक जब कलेक्टर नहीं आए तो लोग आक्रोशित हो गए। हामिंग पाटीदार ने बताया कि इसी आस से आए थे कि कम से कम कलेक्टर उनकी सुनवाई करेंगे लेकिन वे मिलने तक नहीं आए। कोतवाली पुलिस ने बागीदौरा थाने में सूचना कर मौके पर काम रुकवाया। इस पर ग्रामीणों ने धरना खत्म कर दिया।
कलेक्ट्रेट निवास के बाहर ही धरने पर बैठे ग्रामीण।