कंप्यूटर ऑपरेटरों का कलेक्ट्रेट चौराहे पर धरना
बांसवाड़ा| मुख्यमंत्री निशुल्क जांच एवं दवा योजना में स्वास्थ्य केंद्रों पर लगे कंप्यूटर ऑपरेटर बुधवार से हड़ताल पर उतर गए हैं। जिलेभर में इनकी संख्या 100 के करीब हैं। सालों से अपनी मांगों के सरकार द्वारा पूरा नहीं किए जाने के कारण बुधवार से अनश्चितकालीन हड़ताल पर उतरे हैं। इस कारण दवा पर्ची के और जांच पर्ची के काम ऑनलाइन अपलोड़ नहीं हो रहे हैं। वहीं दूसरी ओर इन ऑपरेटरों से संस्थानों में अन्य 17 योजनाओं का काम भी कराया जाता हैं, ऐसे में हड़ताल पर जाने से काम प्रभावित हो रहा है। कलेक्ट्रेट चौराहे पर सभी ने एक साथ सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई और वादाखिलफी करने के कारण नारेबाजी कर अपना विरोध जताया। सुबह 10 से शाम 5 बजे तक तेज गर्मी में धरना देने के बाद भी विभाग और प्रशासन की ओर से इन्हें कोई आश्वासन नहीं दिया गया। जिलाध्यक्ष प्रशांत आचार्य ने बताया कि सालों से मांगों को मनवाने के लिए हमारे द्वारा कलेक्टर, सीएम हर किसी को ज्ञापन और शिकायत पत्र सौंपे गए, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। हमारे ऑपरेटरों से मूल योजना के अलावा अन्य योजनाओं के काम भी कराए जाते हैं, लेकिन किसी ने हमारी समस्या को उच्चाधिकारियों और सरकार तक नहीं पहुंचाया। यहीं कारण है कि जिले सहित प्रदेश कार्यकारिणी ने अब हड़ताल पर जाने का निर्णय किया है। जब तक सरकार हमारी मांग नहीं मानती तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस अवसर पर आकाश देवड़ा, उमंग देवड़ा, जागृति, प्रतिक्षा त्रिवेदी, प्रविणा आचार्य, पुष्पकांत, कुणाल त्रिवेदी सहित अन्य ऑपरेटर शामिल रहे।
बांसवाड़ा. मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट चौराहे पर धरना देते कंप्यूटर ऑपरेटर।