- Hindi News
- National
- प्रदेश के सभी विश्वविद्यालय की होगी केंद्रीय व्यवस्था, सरकार के पोर्टल से होंगे प्रवेश
प्रदेश के सभी विश्वविद्यालय की होगी केंद्रीय व्यवस्था, सरकार के पोर्टल से होंगे प्रवेश
बांसवाड़ा| राजस्थान सरकार ने प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों को एक ही पोर्टल से जोड़ने की कवायद शुरू की है। इससे सभी उच्च शिक्षण संस्थाओं में एक समान प्रवेश की व्यवस्था होगी। इन विश्वविद्यालयों में प्रवेश के तरीके महाविद्यालयों की तरह ही होंगे, लेकिन एक पोर्टल पर सभी विश्वविद्यालयों के लिंक उपलब्ध हो जाएंगे। ताकि विद्यार्थियों को संबंधित विश्वविद्यालय में प्रवेश में आसानी हो सके। अब प्रवेश राज्य सरकार के हायर एजुकेशन पोर्टल से ही हाेंगे। इस व्यवस्था के लागू होने से सरकार के पास सभी उच्च शिक्षण संस्थानाें के अपडेट आंकड़े उपलब्ध होंगे। जिससे आंकड़ों का विश्लेषण और समीक्षा करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा छात्रवृति सहित अन्य व्यवस्थाएं भी आसान हो जाएंगी। विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए बार बार चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। तीसरा बड़ा फायदा यह है कि सरकार द्वारा मेरिट बनाए जाने से एडमिशन में ट्रांसपरेंसी आएगी। और विश्वविद्यालयों में पेपर और धन की बचत भी होगी।
5 जून तक होगी व्यवस्था
गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय सूत्रों के मुताबिक यह व्यवस्था लागू करने के लिए 5 जून तक सभी बंदोबस्त पूरे करने हाेंगे। क्योंकि नए शिक्षण सत्र से ही इसे प्रभावी करना है।
एक खर्च में होगा काम
विश्वविद्यालय रजिस्ट्रार सोहनसिंह कठात ने बताया कि हर विश्वविद्यालय एडमिशन के लिए अलग से पोर्टल बनाते हैं इसमें खर्च अधिक होता है। प्रदेश में 23 विश्वविद्यालय है। अब एक ही पोर्टल गवर्नमेंट का होगा उसी पाेर्टल पर बच्चे अप्लाई कर सकेंगे।