- Hindi News
- National
- पिता की मौत पर परिवार सहित गांव गया, चोरों ने लॉकर तोड़ 70 हजार नकद अौर 1.50 लाख के जेवर चुरा लिए
पिता की मौत पर परिवार सहित गांव गया, चोरों ने लॉकर तोड़ 70 हजार नकद अौर 1.50 लाख के जेवर चुरा लिए
भास्कर संवाददाता | बांसवाड़ा
शहर से सटे त्रिपुरा नगर में 24 घंटे के भीतर चोरों ने 3 मकानों के ताले तोड़ डेढ़ लाख कैश और 2.50 लाख कीमत के जेवर और घरेलू सामान चुरा लिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि चोरों ने एक दिन पहले जिस मकान से 1 लाख के जेवर चुराए, अगली रात उसी से सटे 2 और मकानों के ताले तोड़ चोरियां कर डाली। महज 2 दिन में 3 पड़ोसी मकानों में चोरियों से अब क्षेत्रवासी भी फिक्रमंद हो चुके है। महज चंद घंटे सूने रहने वाले मकानों को चोर निशाना बनाकर लोगों की गाढ़ी कमाई चुरा ले जा रहे है। वहीं लगातार 3 चोरियों से पुलिस निगरानी पर भी सवाल उठ रहे है।
रमेश डांगी के पिता मदनलाल की सोमवार रात को मौत हो गई। जिस पर परिवार संग पुश्तैनी मकान लोधा की नई बस्ती गए। रात को वहीं रुक गए। सुबह पिता के अंतिम संस्कार का समय था तभी खबर मिली की त्रिपुरा नगर में उनके मकान पर चोरी हो गई है। एक दुख पहले से ही था कि चोरी की खबर ने परिजनों की फिक्र और बढ़ा दी। चोर मुख्य दरवाजे का नखोजा तोड़कर भीतर घुसे और पूरे घर का सामान बिखेर दिया। चोरों ने तिजोरी का लॉक तोड़कर भीतर रखे 70 हजार कैश, 2 तोले सोने का मंगलसूत्र, 1 तोले कानों के झुमके, 1 तोला सोने की बालियां, 500 ग्राम चांदी का कमरबंद और 500 ग्राम चांदी का पायल चुरा लिया। आहत रमेश ने बताया कि पिता की मौत हो गई थी। जिस पर वह चोरी के बाद मकान पर नहीं जा पाए।
रमेश ने बताया कि वह लोधा में अपनी जमीन पर निर्माण काम कराना चाहते थे। इसके लिए 70 हजार रुपए दो दिन पहले ही उधार लेकर आए थे लेकिन काम शुरू कराने से पहले ही चोरी हो गए।
त्रिपुरा नगर में एक मकान में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान।
पड़ोस के मकान को भी खंगाला : रमेश के मकान के बाद भी चोर नहीं रुके और उसके पड़ोसी मांगीलाल पंचाल के सूने मकान का ताला तोड़ा। चोरों ने यहां पर भी घर का पूरा सामान बिखेर दिया। हालांकि मकान मालिक के बाहर होने से चोरी हुए सामान या कैश का पता नहीं चल पाया है। इससे एक दिन पहले ही वन विभाग में कार्यरत एलडीसी गिरीराज शर्मा के महज चंद घंटे सूने रहे मकान का ताला तोड़कर चोर भीतर रखे 75 हजार कैश और 1 लाख कीमत के जेवर चुरा ले गए।
शराब ढाबे से देररात तक नशेड़ियों का जमघट
स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से शराब ढाबा चल रहा है जहां रात तक शराब परोसी जाती है। जिससे देररात तक कॉलोनी में नशेड़ियों का जमघट लगा रहता है। इस पर कॉलोनी में रोडलाइट नहीं होने से रात को आने-जाने में भी डर का माहौल बना रहता है। कॉलोनी में मनमाने तरीके से बिजली कटौती की जा रही है।