- Hindi News
- National
- उन्नाव और जम्मू के कठुआ में हुई गैंगरेप की वारदातों के विरोध में कांग्रेस का कैंडल मार्च
उन्नाव और जम्मू के कठुआ में हुई गैंगरेप की वारदातों के विरोध में कांग्रेस का कैंडल मार्च
कठुआ में ज्यादती के बाद हत्या और उन्नाव में दुष्कर्म की वारदातों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से शुक्रवार रात को शहर में कैंडल मार्च निकाला गया। जिलाध्यक्ष चांदमल जैन के नेतृत्व में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता इसके लिए पार्टी कार्यालय पर जमा हुए। इसके बाद हाथों में मोमबत्तियां लिए सभी पैदल मोहन कॉलोनी चौराहा, कलेक्ट्री चौराहा, जवाहर पुल, नगर परिषद होते हुए गांधी मूर्ति पहुंचे।
यहां कार्यकर्ताओं ने ऐसी वारदातों के प्रति सरकार की उदासीनता को लेकर जमकर नारेबाजी की। इस अवसर पर आयोजित सभा में जिलाध्यक्ष चांदमल जैन ने कहा कि आज देश में महिलाओं को घर से बाहर निकलने में डर लगता है। यह राष्ट्रीय मामला है, राजनीतिक नहीं है। अपराधियों को सजा दिए बिना नहीं छोड़ना चाहिए।
नगर अध्यक्ष रितेश नानी ने कहा कि उत्तरप्रदेश के उन्नाव और जम्मू के कठुआ में हुई गैंगरेप की घटनाओं के विरोध में यह कैंडल मार्च मोदी सरकार के खिलाफ आवाज उठाने के लिए किया गया है। यह जागरूकता फैलाने की कोशिश है कि अन्याय के खिलाफ सरकार किस तरह चुप है। सभा में ब्लॉक अध्यक्ष राकेश सेठिया ने भी विचार व्यक्त किए। इस दौरान नवाब फौजदार, प्रवक्ता एडवोकेट इमरान खान, डॉ. एलसी मईड़ा, मनोहर खड़िया, बुरहान रतलामी, संजय जैन, अरविंद डामोर, तपन मेघावत, नेहकपालसिंह, निखिलेश श्रीमाल, हरीश पंचाल, दिव्य दीक्षित, तौसिफ नायक,आसिफ मुस्तफा खान, आशीष मेहता, सुरेश कलाल और बलवंत वसीटा भी मौजूद थे।
बांसवाड़ा. शहर में शुक्रवार रात को कैंडल मार्च निकालते कांग्रेसी।