बांसवाड़ा/नवागांव| भारतीय किसान संघ ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर भगवती प्रसाद और तहसील मुख्यालय पर ज्ञापन देकर किसानों को फसलों का उचित मूल्य दिलाने, फसल खराबे का सही जोखिम कवर करने और ऋण से मुक्ति दिलाने के लिए नीतिगत बदलाव कर राहत देने की मांग की है।
किसानों ने सभी फसलों का लागत के आधार पर लाभकारी मूल्य तय कर भावांतर भुगतान योजना लागू करने, फसलों की लाभकारी मूल्य से खरीद करने, समर्थन मूल्य से नीचे फसल बिकने को अपराध की श्रेणी में लाने, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का किसानों को उचित लाभ दिलाने बीमा कंपनियों को प्रीमियम की बजाय केंद्रांश, राज्यांश व किसान का प्रीमियम हिस्सा मिलाकर किसान कोरपस फंड योजना लागू करने, बीज खाद, कीट नियंत्रक, कृषि उपकरण सहित कृषि अादान की लागत को नियंत्रित कर राज्य में हर खेत को पानी मिले, इसके लिए नदी जोड़ो योजना जल्द लागू करने, किसानों के कर्ज मुक्ति की ठोस योजना बनाने, राज्य में सरसो, चना, गेहूं, लहसून, प्याज समर्थन मूल्य खरीद के लिए पंजीयन करने वाले किसानों की खरीद नहीं होने पर बाजार व समर्थन मूल्य की अंतर राशि का भुगतान करने की मांग की है। समय रहते इन सभी मांगों पर गौर नहीं किया गया तो भारतीय किसान संघ 15 और 16 जून को प्रदेश अधिवेशन में प्रभावी आंदोलन की रूपरेखा तय करेगा। इस दौरान भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष खेमजी पाटीदार करजी, प्रांतीय उपाध्यक्ष रणछोड़ पाटीदार, संभागीय मंत्री वनेश्वर त्रिवेदी ठीकरिया, दीपा भाई बालावाड़ा उपाध्यक्ष, वेलजी भाई संभागीय उपाध्यक्ष, रमेश जोशी नवागांव समेत किसान मौजूद रहे।
भारतीय किसान संघ 15 और 16 जून को आंदोलन करेगा
बांसवाड़ा. मांगों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन देने पहुंचे किसान।