अजमेर | वर्ष 2018 का रिजल्ट आने वाला है। लेकिन माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने वर्ष 2017 के 10वीं व 12वीं बोर्ड की परीक्षाओं में टॉपर्स की सूची एक साल बाद शुक्रवार को जारी की। पिछले साल 10वीं परीक्षा में सवाई माधोपुर के मानटाउन की विद्या भारती माध्य. स्कूल की अर्चना मीणा टॉपर बनी। 12वीं विज्ञान वर्ग में गंगापुर सिटी के डीएस साइंस एकेडमी सी.सै. स्कूल के राजीव नरुका, कला में बूंदी के लक्ष्यद्वीप सी.सै. स्कूल की एंजिलीना नागपाल आैर वाणिज्य वर्ग में जयपुर के केएमडी पब्लिक सीनियर सैकंडरी स्कूल में पढ़ने वाली कृति वर्मा अव्वल रही। पिछले दिनों भास्कर ने ‘19 लाख विद्यार्थियों को टॉपर्स का इंतजार’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद बोर्ड हरकत में आया आैर टॉपर्स की सूची जारी की गई। वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा में बांसवाड़ा के ललित पाटीदार, प्रवेशिका में सवाईमाधोपुर की ज्योति अव्वल रहे। टॉपर्स को बोर्ड की आेर से 24 मई को आयोजित दीक्षांत समारोह में स्वर्ण पदक, जबकि द्वितीय व तृतीय स्थान पर आने वाले विद्यार्थियों को रजत पदक दिया जाएगा। बोर्ड अब तीन स्थानों के लिए ही मेरिट जारी करता है।
मेरिट में अन्य स्थानों पर रहे स्टूडेंट्स की पूरी सूची पढ़ें - पेज 4 पर व पुलआउट भी पढ़ें