बांसवाड़ा। मस्जिद में शरारत करने पर टोकना एक युवक को इतना नागवार गुजरा कि उसने बाहर निकलते ही टोकने वाले युवक पर चाकू और सरिए से हमला कर दिया। घायल युवक को एमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमलावर कोतवाली के हिस्ट्रीशीटर फिरोज उर्फ पीपा का बेटा लक्की था। वारदात सोमवार शाम राजतालाब चिश्तिया मस्जिद के बाहर हुई। पुलिस ने एक संदिग्ध को पकड़ पूछताछ शुरू कर दी है। घायल के चचेरे भाई आजम खान ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि राजतालाब क्षेत्र के शेरविलास घाटी का हरने वाला 22 वर्षीय चचेरा भाई आकिब पुत्र अब्दुल अजीज खान शाम को असर की नमाज के लिए चिश्चितया मस्जिद गया था। जहां लक्की के शरारत करने पर आकिब ने उसे टोक दिया। इससे गुस्साए लक्की ने आकिब के मस्जिद से बाहर निकलते ही चाकू से हमला कर दिया। कमर में चाकू घोंपने और सरिए से वार करने पर अकिब लहूलुहान होकर नीचे गिर पड़ा। एकाएक चाकू से युवक पर हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसे देख लक्की और उसका साथी मौके से भाग निकले। कुछ लोग बेहोश अकिब को एमजी अस्पताल लेकर आए। अकिब के कमर में चाकू लगने से गहरी चोट लगने से भर्ती कर दिया गया। कोतवाल शैतानसिंह ने बताया कि लक्की हिस्ट्रीशीटर फिरोज पीपा का बेटा है। एक संदिग्ध को पकड़ा है। लक्की की तलाश शुरू कर दी है।
चाकू के हमले से घायल अकिब।