बांसवाड़ा। शिक्षा विभाग की वरिष्ठ शिक्षकों की तबादला सूची में तेजपुर सीनियर सैकंडरी स्कूल में एक ही पद पर दो शिक्षिकाओं काे लगा दिया।
ऐसे में शिक्षिका लता राव जब ज्वाॅइन करने पहुंची तो उसे यह कहकर रोक दिया कि आपको ज्वाॅइन करवाने के लिए उपनिदेशक ने मना कर दिया है। कुछ ही देर बाद दूसरी शिक्षिका चेतना जोशी भी ज्वाॅइन करने पहुंच गई। चेतना जोशी के पति धर्मेन्द्र जोशी जोधपुर में जिला शिक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत है। इसलिए जोशी को ज्वाॅइन कराने का दबाव था। इसी बीच राव को ज्वाॅइन नहीं करवाने की जानकारी मिलने पर एसएमसी के अध्यक्ष करण सिंह और अन्य पदाधिकारी स्कूल पहुंचे और पहले आई राव को ही ज्वाॅइन करवाने पर अड़ गए। मामला तनावपूर्ण होने की जानकारी मिलने पर जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शिक्षा राजेंद्र द्विवेदी ने दोनों शिक्षिकाओं को कार्यालय बुलवाया। इसी बीच एसएमसी के पदाधिकारी भी वहां पहुंच गए। द्विवेदी ने शिक्षा उपनिदेशक उदयपुर भरत मेहता से बात की। इस पर उन्होंने दोनों की ज्वॉइनिंग तेजपुर के सीनियर सैकंडरी स्कूल में ही लेने और इनकी जानकारी शाला दर्पण के पॉर्टल पर नहीं चढ़ाने को कहा।