खुद को सिपाही बता चालक से वसूले 20 हजार, गिरफ्तार
बांसवाड़ा| खुद को पुलिस का सिपाही बताकर वाहनों से वसूली करने वाले हिस्ट्रीशीटर राकेश कलाल को सदर थाना पुलिस ने शनिवार को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। राकेश पहले से ही आबकारी सीआई को धमकी देने के मामले में जेल में बंद था। सदर थाना सीआई मनीष चारण ने बताया कि 26 मार्च को आबापुरा क्षेत्र में स्थित लाइसेंसशुदा मेगजीन को लेकर वाहन चालक रात को जा रहा था, तभी राकेश कलाल बाइक लेकर सामने अाया और खुद को लीमथान चौकी का सिपाही बताकर चालक से 50 हजार रुपए मांगे। चालक ने मेगजीन का लाइसेंस होने की बात कही फिर भी राकेश पैसे मांगने लगा। तब 30 हजार रुपए ही होने के कारण चालक ने 30 हजार दे दिए और 20 हजार बाद में देने को कहा। इसी दौरान राकेश कलाल आबकारी सीआई को धमकी देने के बाद से फरार हो गया। फिर 4 अप्रैल को वह आबापुरा पहुंचा और बकाया 20 हजार मांगे।
बाइक से पकड़ा गया राकेश
राकेश के 20 हजार रुपए के लिए आबापुरा जाने पर मेगजीन की दुकान संचालक को शक हुआ कि यह सिपाही नहीं हो सकता। सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। जहां हुलिया और उसकी बाइक का नंबर नोट कराया। जांच की तो पता चला की बाइक राकेश कलाल थी जो 3 दिनों से जेल में बंद हैं। पूछताछ में राकेश ने धमकाने की बात कबूल की। सीआई चारण ने बताया कि राकेश थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ करीब 10 से 12 मुकदमे दर्ज हैं।
राकेश कलाल