चांद नहीं दिखा, रमजान का पहला रोजा कल
बांसवाड़ा | बुधवार को चांद नहीं दिखने पर खुदा की इबादत का पवित्र माह रमजान अब शुक्रवार से प्रारंभ होगा। बुधवार शाम को जामा मस्जिद स्थित अंजुमन इस्लामिया के कार्यालय में इस संबंध में विशेष बैठक हुई। इसमें अंजुमन इस्लामिया सदर एडवोकेट नईम शेख ने जिले की सभी मस्जिदों के इमाम, मौलानाओं से संपर्क कर चांद दिखने के बारे में जानकारी ली।
चांद नजर नहीं आने की सूचना पर अंजुमन कार्यकारिणी के सदस्यों ने यह तय किया कि गुरुवार रात 9 बजे शहर और जिले की सभी मस्जिदों में पहली तरावीह होगी और शुक्रवार को माहे रमजान प्रारंभ होगा। इसके तहत मुस्लिम समाज के सभी श्रद्धालु शुक्रवार को रमजान का पहला रोजा रखेंगे।