- Hindi News
- National
- अब डुप्लीकेट मार्कशीट के लिए भी स्टूडेंट को स्कूल से लेनी पड़ सकती है परमिशन
अब डुप्लीकेट मार्कशीट के लिए भी स्टूडेंट को स्कूल से लेनी पड़ सकती है परमिशन
भास्कर संवाददाता | बांसवाड़ा
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान से पास होने वाले स्टूडेंट्स के लिए अब डुप्लीकेट मार्कशीट लेना दिक्कत भरा हो सकता है। इसके लिए स्कूल की एनओसी जरूरी करने पर विचार चल रहा है। पहले भी यह मुद्दा निजी स्कूल संचालकों और उच्च स्तरीय समिति के बीच उठ चुका है। इस बारे में इस सप्ताह निर्णय हो सकता है। बोर्ड में रोजाना बड़ी संख्या में स्टूडेंट 10वीं और 12वीं की डुप्लीकेट मार्कशीट के लिए आवेदन कर रहे हैं। वर्तमान व्यवस्था को लेकर निजी शिक्षण संस्थाओं की ओर से सरकार के सामने आपत्ति उठाई गई थी। इन संस्थानों की ओर से पूर्व में मंत्री मंडलीय बैठक में भी डुप्लीकेट कॉपी के दुरुपयोग की शिकायतें भी सामने आ चुकी है। इसे देखते हुए उनकी ओर से स्कूलों से एनओसी की बाध्यता करने की मांग की गई थी। इस बारे में आखिरी निर्णय मंत्री मंडलीय समिति लेगी। मार्कशीट की नौकरी के लिए साक्षात्कार, दस्तावेज सत्यापन, पासपोर्ट वेरीफिकेशन आदि में आवश्यकता होती है।
स्टूडेंट्स की परेशानी बढे़गी : डीईओ - यह व्यवस्था लागू होती है तो स्टूडेंट्स की परेशानी बढ़ जाएगी। वैसे मार्कशीट की ऑरिजनल कॉपी देने का कहीं भी प्रावधान नहीं है। नौकरी के समय साक्षात्कार और दस्तावेज वेरिफिकेशन के समय उसकी कॉपी देखी जाती है। इसके दुरुपयोग की कोई संभावना नहीं होती। वर्तमान व्यवस्था से आसानी से मार्कशीट उपलब्ध हो रही है।