पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • परीक्षा से पहले भास्कर के पास आया बीएससी फिजिक्स पेपर

परीक्षा से पहले भास्कर के पास आया बीएससी फिजिक्स पेपर

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जयपुर| राजस्थान विश्वविद्यालय की परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर एक बार फिर सवाल उठ गया। शुक्रवार को बीएससी (ऑनर्स) द्वितीय वर्ष फिजिक्स का हूबहू प्रश्न पत्र एक घंटे पहले दोपहर 2 बजे भास्कर के पास आ गया। यह पेपर भी किसी सादा कागज पर नहीं, बल्कि विश्विद्यालय की प्रिंटिंग प्रेस से प्रकाशित अधिकृत प्रश्न पत्र था। भास्कर ने विश्वविद्यालय के कुलपति आरके कोठारी से लेकर परीक्षा नियंत्रक वीके गुप्ता को परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले ही इसकी जानकारी दे दी। दिनभर विश्वविद्यालय प्रशासन पेपर आउट होने की बात से मुकरता रहा। लेकिन रात को गांधी नगर पुलिस थाने में पेपर के संबंध में शिकायत दर्ज करा दी। हालांकि, विवि. कुलपति प्रो. आरके कोठारी का देर रात तक यही कहना था कि पेपर आउट नहीं हुआ है।





विश्वविद्यालय प्रशासन इसकी अपने स्तर पर जांच कर रहा है। बता दें कि विश्वविद्यालय के प्रश्नों पत्रों की गोपनीयता में सेंध का यह पहला मामला नहीं है।





गत वर्ष भी भास्कर ने चार प्रश्न पत्रों के लीक हाेने का खुलासा किया था। इसके बाद (एसीबी) ने पड़ताल शुरू की थी और विश्वविद्यालय के कई विभागाध्यक्षों, शिक्षकों समेत 22 लोगों को गिरफ्तार किया था।



इसमें गोपनीय शाखा से जुड़े कर्मचारी भी शामिल थे। फिजिकल केमिस्ट्री विषय का पेपर रद्द करना पड़ा था। इसके बाद भी जब यह पेपर दुबारा आयोजित हुआ तो परीक्षा से पहले फिर बाजार में आ गया।

जांच करवा रहे हैं : कुलपति

जब कुलपति को वॉट्सअप के जरिए पेपर बाजार में आने की जानकारी दी गई तो उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की व्यवस्थाएं पुख्ता हैं। शाम छह बजे जब परीक्षा खत्म हुई तो उन्होंने कहा कि मामले की जांच करवा रहे हैं।

पुलिस में शिकायत दी है

परीक्षा नियंत्रक डॉ. वीके गुप्ता ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने गांधी नगर पुलिस थाने में पेपर के बाजार में आने को लेकर शिकायत दर्ज करा दी है। प्रशासन अपने स्तर पर भी जांच कर रहा है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...