पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सोने के आभूषणों पर हॉलमार्किंग अनिवार्यता की अधिसूचना जल्द

सोने के आभूषणों पर हॉलमार्किंग अनिवार्यता की अधिसूचना जल्द

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
औद्योगिक मांग निकलने से शनिवार को जयपुर सर्राफा बाजार में चांदी 100 रुपए प्रति किलोग्राम और सुधर गई। सोना स्टैंडर्ड व 22 कैरेट जेवराती सोने के भावों में बदलाव नहीं हुआ। चांदी कलदार पड़ा रहा। वहीं, अमेरिकी वायदा कारोबार एक्सचेंज कॉमेक्स में जून डिलीवरी सोना शुक्रवार को कारोबार समाप्ति पर 1.70 डॉलर बढ़कर 1,291.90 डॉलर तथा जुलाई डिलीवरी चांदी 0.01 डॉलर की तेजी से 16.42 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई।

बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक ग्लोबल मार्केट में सप्ताहांत कीमतों आई तेजी के मद्देनजर औद्योगिक मांग निकलने से स्थानीय सर्राफा बाजार में चांदी 100 रुपए और चमक गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सप्ताहांत शुक्रवार को कारोबार बंद होने के दौरान सोना-चांदी में तेजी देखी गई। सोना हाजिर 1293.60 डॉलर प्रति औंस बोला गया।

जयपुर सर्राफा भाव : चांदी (999) 41,000, चांदी रिफाइनरी 40,500 रु किलो। चांदी कलदार 68,000 रुपए प्रति सैकड़ा। सोना स्टैंडर्ड 31,900 रुपए, सोना जेवराती 30,300 रुपए तथा वापसी 29,400 रुपए प्रति दस ग्राम।

कानून मंत्रालय ने दी दिशा-निर्देशों को मंजूरी, दो चरणों में लागू होगा आदेश

एजेंसी | नई दिल्ली

आभूषणों में बताई मात्रा के हिसाब से सोने की शुद्धता को पुख्ता करने के मकसद से जल्द की हालमार्किंग को अनिवार्य बनाया जाएगा। कानून मंत्रालय ने सोने की शुद्धता की प्रामाणिकता के लिए उपभोक्ता मंत्रालय की ओर से तैयार हॉलमार्किंग के दिशा-निर्देशों को हरी झंडी दे दी है। इस संबंध में जल्द ही अधिसूचना जारी होने की संभावना है।

सूत्रों के मुताबिक सोने के आभूषणों पर हालमार्किंग की अनिवार्यता का क्रियान्वयन दो चरणों में होगा। पहले चरण में बड़े शहरों के ज्वैलर्स को सोने के आभूषणों पर हालमार्किंग सुनिश्चित करने के लिए छह माह का समय दिया जाएगा। छोटे शहरों, कस्बों तथा दूरदराज इलाकों में हालमार्किंग की अनिवार्यता के लिए एक साल का समय दिया जाएगा। सूत्रों का कहना है कि कानून मंत्रालय ने सभी तकनीकी पहलुओं पर गौर करने के बाद इन्हें मंजूरी प्रदान की है। अब मंत्रालय अधिसूचना जारी करने की तैयारी में है। मंत्रालय के मुताबिक तत्काल प्रभाव से पूरे देश में सोने के आभूषणों पर हालमार्किंग को लागू करना संभव नहीं है। इसलिए दो चरणों में निर्देशों को तय अवधि में लागू किया जाएगा।

देश में 566 हालमार्किंग सेंटर

मौजूदा समय में देशभर में महज 566 हॉलमार्किंग सेंटर हैं, जबकि करीब 25,000 लाइसेंस लिए गए हैं। देशभर में ज्वैलर्स की संख्या ढाई लाख से अधिक है। ऐसे में निर्देशों को लागू किए जाने से पहले संसाधन और ढांचागत व्यवस्था होना जरूरी है।

14, 18 और 22 कैरेट के आभूषणों पर हालमार्किंग की मिली है मंजूरी : सरकार ने 14, 18 व 22 कैरेट के आभूषणों पर हालमार्किंग की मंजूरी दी है, जो अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप है। लेकिन खुदरा विक्रेताओं के संगठन कैट ने सरकार से 20 कैरेट के गहनों को सूची में शामिल करने की मांग की थी।

औद्योगिक मांग से चांदी में ‌Rs.100 का सुधार

खबरें और भी हैं...