चेल्सी ने एडेन हजार्ड के गोल से मैनचेस्टर यूनाइटेड को 1-0 से हराकर दुनिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट एफए कप का खिताब जीत लिया है। हजार्ड ने पहले हाफ के 22वें मिनट में पेनल्टी के जरिए गोल किया। चेल्सी ने आठवीं बार यह खिताब जीता है। वहीं, इस हार से 12 बार की पूर्व चैंपियन मैनचेस्टर यूनाइटेड की टीम सीजन में खाली हाथ रही।
इस हार के बाद यूनाइटेड के कोच जोस मॉरिन्हो ने चेल्सी पर जरूरत से ज्यादा डिफेंसिव होने का आरोप लगाया। मॉरिन्हो ने कहा कि चेल्सी ने नौ खिलाड़ी डिफेंस में लगा दिए थे। यह सही खेल भावना नहीं है और चेल्सी जीत की हकदार नहीं थी। यह पहला मौका है, जब जोस मॉरिन्हो की कोचिंग वाली टीम को एफए कप के फाइनल में हार मिली है। मॉरिन्हो की कोचिंग में टीम छठी बार फाइनल में पहुंची थी।। मैनचेस्टर यूनाइटे़ड की किस्मत भी इस मैच में साथ नहीं थी। उसकी ओर से स्टार खिलाड़ी एलेक्सिस सांचेज ने गोल किया। लेकिन वे ऑफ साइड करार दिए गए। इस पर मैनचेस्टर यूनाइटेड ने वीडियो रेफरल भी लिया लेकिन फैसला उसके खिलाफ गया। इसे चेल्सी के कोच एंटोनियो कोंटे का विदाई मैच भी माना जा रहा है। कोंटे ने पिछले सीजन में चेल्सी को इंग्लिश प्रीमियर लीग का खिताब दिलाया था। इस बार उन्होंने टीम को एफए कप का चैंपियन बनाया।
फ्रैंकफर्ट ने बायर्न म्यूनिख को 3-1 से हराकर जर्मन कप जीता
क्रोएशियन स्ट्राइकर एंटे रेबिक के दो गोल की मदद से एंट्राच्ट फ्रैंकफर्ट ने बायर्न म्यूनिख को 3-1 से हराकर जर्मन कप का खिताब जीत लिया। रेबिक ने 11वें और 82वें मिनट में गोल किए। तीसरा गोल गासिनोविच ने किया। वहीं, बायर्न की ओर से एक मात्र गोल रॉबर्ट लेवानडोस्की ने 53वें मिनट में किया।
जोस मॉरिन्हो की कोचिंग वाली टीम मैनचेस्टर यूनाइटेड को पहली बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में हार मिली
खिताब के साथ चेल्सी की टीम।
एफए कप 147 साल पुराना टूर्नामेंट
एफ कप दुनिया का सबसे पुराना नेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट है। इसकी शुरुआत 147 साल पहले 1871 में हुई थी। आर्सनल ने सबसे ज्यादा 13 बार यह खिताब जीता है।