प्रतापगढ़ | नगर परिषद के सभापति और भाजपा नेता कमलेश डोसी का तीन दिन बाद रविवार को भी पता नहीं चला। यूडीएच मंत्री श्रीचंद कृपलानी ने बताया कि मामले को लेकर मुख्यमंत्री वसुंधराराजे ने रविवार को डीजीपी से तीन बार इस संबंध में बात कर सभापति को जल्द से जल्द तलाशने के निर्देश दिए हैं। गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया, महाराष्ट्र डीजीपी व मुंबई के स्थानीय विधायक से भी बात की है। उनकी तलाश करने के लिए प्रतापगढ़ से पुलिस की एक और टीम मुंबई भेजी है। इस टीम के साथ मुंबई के पुलिसकर्मियों की टीम ने भी कुर्ला समेत आसपास के रेलवे स्टेशनों, अस्पतालों में तलाश की। लोकमान्य तिलक रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज देखे। इसमें सभापति गुरुवार रात 11 बजे तक रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते दिख रहे हैं। ट्रेन साढ़े ग्यारह बजे की बताई जा रही है। इसके बाद डोसी सीसीटीवी में नहीं दिखे हैं। रविवार को प्रतापगढ़ से मुंबई पहुंची टीम ने मुंबई से बुरहानपुर के बीच तलाश की, लेकिन सभापति का कहीं सुराग नहीं लगा।
सभापति की तलाश को लेकर मुंबई और राजस्थान की पुलिस सुराग जुटाने में लगी हुई है। प्रतापगढ़ से गए पुलिस अधिकारियों ने कुर्ला में स्थित प्राइमर होटल और रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी खंगाले हैं। इसमें सभापति के रेलवे स्टेशन पहुंचने की पुष्टि हुई है। रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में सभापति दिखाई दे रहे हैं।