नई दिल्ली | एशिया-प्रशांत क्षेत्र के देशों के संग सैन्य रिश्ते मजबूत करने की रणनीति के तहत भारत अगले हफ्ते वियतनाम के साथ पहला नौसेना अभ्यास शुरू करने जा रहा है। दोनों देश दक्षिण चीन सागर में चीन की गतिविधियों के विरोध में हैं। दक्षिण पूर्वी एशिया और उत्तर पश्चिमी इलाके में तैनात तीन भारतीय युद्धपोत, स्टेल्थ युद्धपोत आईएनएस सहयाद्री, मिसाइल युद्धपोत आईएनएस कमोरता और फ्लीट टैंकर आईएनएस शक्ति सोमवार को तियन सा बंदरगाह पहुंच जाएंगे। 21 से 25 मई के बीच भारत के नौसेना अधिकारी वहां की नौसेना के अफसरों और सरकार के अन्य प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। फ्लैग कमांडिंग अधिकारी रियर एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी कुल 913 अधिकारियों और नौसैनिक इस युद्ध अभ्यास में हिस्सा लेंगे।
24 साल में 22वीं बार एवरेस्ट फतह कर लौटे 48 साल के कामी रीता शेरपा
काठमांडू| एवरेस्ट गाइड कामी रीता शेरपा ने 22वीं बार एवरेस्ट फतह किया है। यह एक विश्व रिकॉर्ड है। काठमांडू लौटने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि उनका रिटायर होने का कोई इरादा नहीं है। वो अगले साल भी एवरेस्ट पर जाएंगे। कामी से पहले सिर्फ अप्पा शेरपा और फुर्बा ताशी 21-21 बार एवरेस्ट की चढ़ाई कर चुके हैं। ये दोनों ही रिटायर हो चुके हैं।