पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • अक्षय तृतीया पर सोना चमका, साढ़े चार साल बाद 32,000 के पार

अक्षय तृतीया पर सोना चमका, साढ़े चार साल बाद 32,000 के पार

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अक्षय तृतीया पर मांग के चलते जयपुर में चार साल आठ माह के अंतराल के बाद स्टैंडर्ड सोना 32,000 को पार कर गया। मंगलवार को जयपुर में शुद्ध सोना 200 रुपए की तेजी से 32,125 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। इससे पहले 29 अगस्त, 2013 को जयपुर में स्टैंडर्ड सोना 32,300 रुपए प्रति दस ग्राम बिका था। शुद्ध सोना महंगा होने से 22 कैरेट जेवराती सोना भी 200 रुपए बढ़कर 30,500 रुपए हो गया। जबकि चांदी 200 रुपए प्रति किलोग्राम बढ़कर ढाई माह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई।

ज्वैलर्स का कहना है कि 18 अप्रैल को अक्षय तृतीया पर गहनों की खरीद करीब 20 फीसदी बढ़ने की संभावना है। इसके चलते सोने की मांग बढ़ी है। जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लंदन में सोना हाजिर 4.05 डॉलर की गिरावट में 1,342.25 डॉलर प्रति औंस पर रह गया। वहीं, काॅमेक्स में जून डिलीवरी सोना 4.80 डॉलर की गिरावट में 1,340.70 डॉलर तथा मई डिलीवरी चांदी बिना घटबढ़ के 16.63 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रही थी।

ज्वैलर्स आशीष मेघराज का कहना है कि नोटबंदी के दौरान भी सोना इस स्तर पर नहीं पहुंचा था। अगस्त, 2013 के बाद सोने में इतनी तेजी आई है। घरेलू मांग के साथ ग्लोबल बाजार में तेजी से सोना महंगा हुआ। सर्राफा ट्रेडर्स कमेटी जयपुर के अध्यक्ष कैलाश मित्तल ने बताया कि अक्षय तृतीया पर ज्वैलरी कारोबार 15 से 20 फीसदी ज्यादा होने की उम्मीद है। इसके चलते ज्वैलर्स सोने की खरीद कर रहेे हैं। इसके अलावा वेडिंग सीजन की वजह से दुल्हा-दुल्हन के लिए भी अच्छी तादाद में ज्वैलरी खरीद हो रही है। वैसे भी अक्षय तृतीया पर सोना खरीदना शुभ माना जाता है। जय कल्याण ज्वैलर्स के प्रशांत शर्मा भी मानते हैं कि पिछले ज्वैलरी कारोबार में सुधार हुआ है। इसके मद्देनजर अक्षय तृतीया पर पिछले साल के मुकाबले कारोबार बेहतर होगा।

ट्रेंडी व वेडिंग ज्वैलरी की मांग

ज्वैलर्स के मुताबिक नीरव मोदी घोटाले के बाद डायमंड ज्वैलरी के मुकाबले ट्रेंडी व वेडिंग ज्वैलरी की मांग बढ़ी है। नवयुवक अपने पुराने ज्वैलर्स की ओर रुख कर रहे हैं। पिछले साल मानसून बेहतर रहा था, लेकिन ज्वैलरी की मांग नहीं बढ़ी। इसके मद्देनजर अक्षय तृतीया पर अच्छी खरीदारी की उम्मीद है। वेडिंग ज्वैलरी के लिए बुकिंग भी अच्छी है। ग्राहकों ने पहले बुकिंग कराई ज्वैलरी की डिलीवरी अक्षय तृतीया को मांगी है।

सोना 200, चांदी 250 रुपए महंगी

ज्वैलर्स की मांग की वजह से मंगलवार को जयपुर सर्राफा बाजार में सोना स्टैंडर्ड व 22 कैरेट जेवराती सोना 200 रुपए प्रति दस ग्राम महंगा हो गया। चांदी में 250 रुपए प्रति किलोग्राम की तेजी रही। चांदी कलदार के भावों में बदलाव नहीं हुआ।

जयपुर सर्राफा भाव: चांदी (999) 40,250, चांदी रिफाइनरी 39,750 रुपए प्रति किलो। चांदी कलदार 68,000 रुपए प्रति सैकड़ा। सोना स्टैंडर्ड 32,125 रुपए, सोना जेवराती 30,500 रुपए तथा वापसी 29,600 रुपए प्रति दस ग्राम।

इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों का कारोबार भी बढ़ने की उम्मीद

अक्षय तृतीया के मौके पर इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों के कारोबार में भी 20 फीसदी बढ़ोतरी की उम्मीद की जा रही है। दरअसल 18 अप्रैल को अक्षय तृतीया बुधवार की है और ग्राहक अमूमन नई वस्तुएं बुधवार को खरीदने को प्राथमिकता देते हैं। ऐसे में बुधवार को अक्षय तृतीया होने से इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों का कारोबार ज्यादा होने की उम्मीद की जा रही है। इलेक्ट्रो प्लाजा के सीईओ संजीव सुरोलिया का कहना है कि अक्षय तृतीया पर एसी, वाटर कूलर, वॉटर डिसपेंसर जैसे उत्पादों की खरीद में तेजी आने की संभावना है।

खबरें और भी हैं...