मानसून सामान्य रहने की उम्मीद से सेंसेक्स 90 अंक चढ़ा
मुंबई| बेहतर आर्थिक आंकड़ों और अच्छे मानसून के पूर्वानुमान से सोमवार को घरेलू शेयर बाजार लगातार नौवें कारोबारी सत्र में चढ़ते हुए सात सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 0.26 फीसदी यानी 89.63 अंक की बढ़त में 34,395.06 अंक पर बंद हुआ, जो 26 फरवरी के बाद का इसका उच्चतम स्तर है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 0.19 फीसदी यानी 20.35 अंक चढ़कर 27 फरवरी के बाद के उच्चतम स्तर 10,548.70 अंक पर रहा। पिछले आठ सत्र में इसमें 1,286.36 अंक की बढ़त दर्ज की गई है। ब्रोकरों के अनुसार भारतीय मौसम विभाग ने इस साल मानसून के सामान्य रहने का अनुमान जताया था, जिसका प्रभाव बाजार की चाल पर पड़ा।