- Hindi News
- National
- अमेरिका के टेक्सास में स्कूल में गोलीबारी, 8 लोगों की मौत, हमलावर गिरफ्तार
अमेरिका के टेक्सास में स्कूल में गोलीबारी, 8 लोगों की मौत, हमलावर गिरफ्तार
ह्यूस्टन | अमेरिका के टेक्सास प्रांत के एक हाईस्कूल में शुक्रवार को गोलीबारी हुई है। इसमें 8 लोग मारे गए हैं। इसमें कई छात्र अौर अधिकारी घायल हुए हैं। ह्यूस्टन से 50 किमी दूर स्थित सांता फे सिटी में स्थित इसी नाम के हाई स्कूल में यह घटना हुई है। इसमें एक सुरक्षा अधिकारी काे भी गोली लगी है। टेक्सास यूनिवर्सिटी के मेडिकल डिपार्टमेंट में दो घायलों को भर्ती कराया गया है। स्कूल के असिस्टेंट प्रिंसिपल क्रिस रिचर्ड्सन ने कहा कि गोलीबारी करने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है। 14 साल की एक छात्रा ने कहा कि आर्ट रूम के पास पांच गोली चलने की आवाज सुनाई दी। हमारे टीचर सभी बच्चों को थिएटर डिपार्टमेंट के स्टोर रूम में ले गए और वहां हम सभी करीब 45 मिनट तक बंद रहे। बाद में स्वात टीम ने सभी बच्चों को स्कूल से सुरक्षित बाहर निकाला। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गोलीबारी की घटना के कुछ ही देर बाद ट्वीट किया, “शुरुआती खबरें अच्छी नहीं हैं।’ अमेरिका में पिछले सात दिन में स्कूल में गोलीबारी की यह तीसरी और इस साल की 22वीं घटना है। इस साल की शुरुआत में एक पूर्व छात्र ने फ्लोरिडा के स्कूल में गोलीबारी की थी, जिसमें 17 छात्र और शिक्षक मारे गए थे।