एसबीआई को पीछे छोड़ कोटक महिंद्रा देश का दूसरा अमीर बैंक
मार्केट कैप के लिहाज से कोटक महिंद्रा बैंक देश का दूसरा सबसे बड़ा बैंक बन गया है। इस मामले में उसने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) को पीछे कर दिया है।
सोमवार को कारोबार की समाप्ति पर कोटक महिंद्रा बैंक का शेयर बीएसई में करीब 1.88% की बढ़त के साथ 1,170.05 रुपए पर बंद हुआ। इसी के साथ बैंक का मार्केट कैप भी बढ़कर 2,22,970 करोड़ रुपए तक पहुंच गया। कारोबार के दौरान बैंक के शेयर ने 1,174.05 रुपए का ऑल टाइम हाई भी बनाया। वहीं, एसबीआई का शेयर कारोबार की समाप्ति पर 0.76% नुकसान के साथ 249.30 रुपए पर बंद हुआ। इसका मार्केट कैप 1,966 करोड़ रुपए घटकर 2,22,489 करोड़ रुपए रह गया। यह शुक्रवार को 2,24,455 करोड़ रुपए था।
मौजूदा समय में निजी क्षेत्र का एचडीएफसी बैंक देश का सबसे मूल्यवान बैंक है। इसका शेयर सोमवार को 0.55% बढ़त के साथ 1,938.65 रुपए पर बंद हुआ। बैंक का मार्केट कैप 5.03 लाख करोड़ रुपए है। टॉप-10 में सिर्फ तीन सरकारी क्षेत्र के बैंक हैं। हाल में शेयर बाजार में लिस्ट हुए आरबीएल बैंक ने भी टॉप-10 में जगह बनाई है।
------
ये हैं टॉप 10 बैंक :
क्रम - बैंक - मार्केट कैप (लाख करोड़ रु. में)
1.एचडीएफसी बैंक - 5.03
2.कोटक महिंद्रा बैंक - 2.22
3. एसबीआई - 2.22
4. आईसीआईसीआई बैंक - 1.84
5. एक्सिस बैंक - 1.39
6. इंडसइंड बैंक - 1.12
7. यस बैंक - 0.71
8. बैंक ऑफ बड़ौदा - 0.39
9. पीएनबी - 0.27
10. आरबीएल बैंक - 0.21
(स्रोत : बीएसई)
------
बिजनेस ग्रोथ से बेहतर हुआ आउटलुक
एक्सपर्ट्स का मानना है कि बिजनेस ग्रोथ में लगातार हो रहे सुधार से कोटक महिंद्रा बैंक का आउटलुक बेहतर है। बैंक की एसेट क्वालिटी स्थिर है। फंसे कर्ज (एनपीए) के मसले पर बैंक के साथ बहुत ज्यादा चिंता नहीं दिख रही है। माना जा रहा है कि आगे नॉन-बैंकिंग कारोबार में भी बढ़ोतरी होगी। ऐसे में निवेशकों का इस शेयर के प्रति रुझान बेहतर बना हुआ है।