मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश खानपुर में 30 सितंबर तक नया बस स्टैंड
झालावाड़/खानपुर | मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि 30 साल पहले जब मैंने झालावाड़ की धरती पर कदम रखा था, तब झालावाड़ प्रदेश के सबसे पिछड़े जिलों में शामिल था, लेकिन यह आप सबके सहयोग का ही नतीजा है कि आज झालावाड़ की दशा और दिशा पूरी तरह बदल गई है। अब विकास की दृष्टि से यह अग्रणी जिलों में शामिल हो गया है और आगे भी विकास का यह सफर जारी रहेगा। सीएम मंगलवार को झालावाड़ जिले के खानपुर में जनसंवाद कार्यक्रम में लोगों से रूबरू हो रही थीं। उन्होंने 5 घंटे लंबी बैठक ली। वे सबसे पहले खानपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रबुद्धजनों से मिली। फिर बारी-बारी से मंडलों के अध्यक्षों, कार्यकर्ताओं से मुलाकात का दौर चलता रहा।
जनसंवाद के दौरान जब खानपुर के लोगों ने नया बस स्टैंड बनाने की मांग रखी तो मुख्यमंत्री ने कलेक्टर, पीडब्ल्यूडी एवं संबंधित अधिकारियों को तत्काल इसकी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान ही कलेक्टर ने आमजन की सहमति अनुसार जमीन चिन्हित करने के निर्देश दे दिए। सांसद दुष्यंतसिंह ने बस स्टैंड के लिए सांसद कोष से 10 लाख रुपए, समाजसेवी ताराचंद ने 25 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की तो सभागार में तालियां बज गई। पीडब्ल्यूडी मंत्री ने कहा कि 30 सितंबर तक नया बस स्टैंड बन जाएगा।
खानपुर का होगा कायाकल्प
सीएम ने जनसंवाद के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि 30 सितंबर तक खानपुर का कायाकल्प करें। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण मंत्री
युनूस खान से ऊंची-नीची सड़क को उखाड़कर नए सिरे से नई सड़क बनाने तथा ड्रेनेज सिस्टम सुधारने के लिए कहा। इस पर खान ने आश्वस्त किया कि 30 सितंबर तक खानपुर का कायाकल्प हो जाएगा। इससे पूर्व खानपुर हेलीपेड से वे सीधी चांदखेड़ी (खानपुर) दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र मंदिर पहुंची, जहां भगवान श्रीआदिनाथ के दर्शन किए। इसके बाद वह जनसंवाद के लिए निजी होटल में रवाना हुईं। यहां मुख्य द्वार पर लोगों ने सीएम का स्वागत कर समस्याएं भी बताईं। इस दौरान सांसद दुष्यंतसिंह, जनअभाव अभियोग निराकरण समिति के अध्यक्ष श्रीकृष्ण पाटीदार, संसदीय सचिव नरेन्द्र नागर, डग विधायक रामचंद्र सुनारीवाल, मनोहरथाना विधायक कंवरलाल मीणा, पूर्व विधायक अनिल जैन, अतिरिक्त मुख्य सचिव जेसी महांति, प्रमुख शासन सचिव जलसंसाधन शिखर अग्रवाल, संभागीय आयुक्त केसी वर्मा, कलेक्टर जितेन्द्र सोनी, एसपी आनंद शर्मा मौजूद रहे।
बालक गुलदस्ता देने पहुंचा, सीएम ने दी टॉफी
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान लडानिया गांव के बालक दिनेश ने सीएम को गुलदस्ता भेंटकर अपना इलाज करवाने के लिए शुक्रिया अदा किया तो सीएम इससे काफी खुश हुईं। उन्होंने दिनेश को चॉकलेट देकर दुलार दिया। दिनेश के दिल में छेद था, लेकिन साढ़े 4 लाख रुपए से उसका निशुल्क इलाज हुआ है। उसके तीन ऑपरेशन हुए। इसी पर वह सीएम को धन्यवाद देने पहुंचा था।
बुजुर्ग कन्हैया से सीएम ने पूछे हाल
सीएम जब जनसंवाद से पहले विभिन्न योजनाओं में लाभांवितों के पास पहुंची तो यहां खानपुर क्षेत्रवासी बुजुर्ग कन्हैया के हाल जाने। संसदीय सचिव नरेंद्र नागर ने बताया कि जनसंघ के दौर से ही ये कार्यकर्ता रहे हैं और सीएम से मिलने की इन्होंने इच्छा जताई थी। इस पर सीएम ने उनके कानों में खुद मशीन लगाई। कान की मशीन से सालों बाद बुजुर्ग को कुछ सुनाई दिया तो वह खुश हो गया।