3 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस हारी तो बाहर हो जाएगी
मुंबई| आईपीएल-11 में बुधवार रात 8 बजे से तीन बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के सामने किंग्स इलेवन पंजाब की टीम होगी। दोनों ही टीमों के लिए यह प्लेऑफ के नजरिए से बेहद महत्वपूर्ण मैच है। मुंबई को इस रेस में बने रहने के लिए यह मैच हर हाल में जीतना होगा। अगर वह हारी, तो प्लेऑफ की रेस से बाहर हो जाएगी। इस सीजन में यह दोनों टीमों का दूसरा मुकाबला है। पहला मुकाबला मुंबई ने 4 मई को 6 विकेट से जीता था।
किंग्स इलेवन पंजाब के अभी 12 मैचों से 12 अंक ही हैं। वह दो में से एक मैच जीतकर भी प्लेऑफ की रेस में बनी रह सकती है। पर ऐसा होने पर प्लेऑफ की उसकी उम्मीदें दूसरी टीमों पर निर्भर करेंगी। अगर वह अपने बाकी बचे दोनों मैच जीत ले तो 16 अंक के साथ टॉप-3 में जगह बना लेगी।
प्लेऑफ में 2 जगह के लिए 5 टीमों के बीच मुकाबला
टूर्नामेंट की 8 में से 4 टीमें प्लेऑफ खेलेंगी। सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपरकिंग्स टूर्नामेंट की टॉप-2 टीमें हैं और उनका प्लेऑफ खेलना तय है। बाकी दो जगह के लिए मुंबई इंडिंयस, किंग्स इलेवन पंजाब के अलावा कोलकाता नाइटराइडर्स, राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू में मुकाबला है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को दोनों मैच जीतने जरूरी
मुंबई इंडियंस की तरह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के भी 12 मैचों से 10 अंक हैं। यानी, उसके लिए भी दोनों मुकाबले करो या मरो जैसे हैं। अगर वह एक भी मैच हारी तो टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी। राॅयल चैलेंजर्स बेंगलुरू अपने पिछले दोनों मैच जीत चुका है। उसके अगले दो मुकाबले सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स से होने हैं।
हेड टू हेड
मंुबई जीता 11
पंजाब जीता 10
मैच 21