जयपुर|जीएसटी पोर्टल के क्रेश होने और सुचारू रूप से काम नहीं करने से सोमवार को प्रदेश के व्यापारी जीएसटी 3बी एवं रिटर्न के लिए आरएफडी 01 फार्म नहीं भर पाए। वहीं, ईवे बिल काे प्रदेश में रविवार से लागू करने के बाद इसकी व्यावहारिकता में परेशानी से व्यापारियों की समस्याएं और बढ़ गई हैं। फोर्टी अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने बताया कि जीएसटी व्यवहारी द्वारा जीएसटी फार्म 3बी हर माह 20 तारीख तक भरना होता है। जीएसटीएन पोर्टल में कई तकनीकी खामियों के कारण केन्द्र सरकार ने दो दिन की समयावधि बढ़ा दी थी लेकिन सोमवार को भी पोर्टल सुचारू रूप से काम नहीं कर रहा था।
महामंत्री सीए विजय गर्ग के अनुसार जीएसटीएन पोर्टल पर लॉग ऑन करके रिटर्न फाइल नहीं हो पा रही है। पोर्टल में लगातार दिक्कतें आ रही हैं। इसपर लॉग इन करने पर इसकी गति धीमी हो जाती है और ये काम करना बंद कर देता है। फाेर्टी ने मांग की कि ऐसे में अप्रैल माह का फार्म 3बी भरने की समय सीमा कम से कम 10 दिन बढ़ाई जानी चाहिए।
कारोबार पर असर
प्रदेश में अंतरराज्यीय तौर पर ई वे बिल रविवार से लागू हो गया जिसका असली असर सोमवार को कारोबार पर दिखाई दिया। फोर्टी के अतिरिक्त महामंत्री गिरधारीलाल खंडेलवाल ने बताया कि इससे व्यावहारिक तौर पर आ रही समस्याओं से व्यापार बिलकुल ठप हो गया है।