सीएम ने गले लगाया, सांसद से कहा; कुश्ती अकादमी खोलने का प्लान करें
चित्तौड़गढ़ | मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का जिले में आखिरी जनसंवाद बुधवार को जिला मुख्यालय पर हुआ। कार्यक्रम में सीएम तय समय से करीब चार घंटे देरी से पहुंची। जनसंवाद की जिम्मेदारी निभा रहे यूडीएच मंत्री श्रीचंद कृपलानी ने सबसे पहले खिलाड़ी दीर्घा से बात कहने को कहा। महिला पहलवान सावित्री छीपा ने कहा कि हम तकलीफ आप लोगों को तो कई बार बता चुके हैं। मैं आज सीएम से बात करने आई हूं। कुश्ती में राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर पर कई मेडल जीत चुकी सावित्री अपनी बेरोजगारी व माली हालत के कारण सीएम से राेजगार और यहां कुश्ती के लिए सुविधाएं मांगने के लिए आई थी। उसके साथ और भी कुश्ती खिलाड़ी आए। संवाद पूरा होने के बाद कृपलानी ने इन्हें सीएम से मिलाया। भीड़ में पास में जाते हुए सावित्री नीचे गिर गई। फिर पीड़ा बताते हुए रो पड़ी।
सीएम ने उसे गले लगाते हुए कहा कि हम मदद करेंगे। उन्होंने सांसद जोशी से कहा कि मुझे आज पता चला कि यहां कुश्ती का इतना क्रेज है। लड़कियां भी आगे बढ़ रही। यहां कुश्ती अकादमी खोलने का प्लान करें।