‘सात निश्चय योजना की सफलता सभी की जिम्मेदारी’
बाराहाट प्रखंड वार्ड सदस्य संघ द्वारा धर्मशाला में प्रखंड स्तरीय चेतना सभा का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे वार्ड सदस्य संघ के प्रदेश अध्यक्ष धनजीत कुमार ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सात निश्चय योजनाओं को धरातल पर उतराना हम सब की जिम्मेदारी है। हर घर नल का जल एवं नली-गली के काम में जो परेशानियां आ रही हैं, उसे दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने वार्ड सदस्यों को बाहरी एजेंसी से सात निश्चय योजना का काम नहीं कराने और बिचौलियों से सावधान रहने की नसीहत दी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वार्ड सभा के बाद ही योजनाओं को धरातल पर उतारें।
योजना सही ढंग से क्रियान्वित करने की जरूरत
चेतना सभा को संबोधित करते हुए वार्ड सदस्य संघ के जिलाध्यक्ष नरेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना बेहतरीन योजना है। उसे सही ढंग से क्रियान्वित करने की जरूरत है। बाराहाट प्रखंड वार्ड सदस्य संघ के अध्यक्ष आशुतोष बिहारी झा ने कहा कि वार्ड सदस्यों को एकजुटता के साथ कदम से कदम मिलाकर चलना होगा, तभी हर घर नल का जल एवं नली-गली योजना सफल होगी। उन्होंने तय मानक के अनुसार योजनाओं संचालित करने की बात कही। चेतना सभा कार्यक्रम का संचालन बाराहाट प्रखंड वार्ड संघ अध्यक्ष आशुतोष बिहारी झा ने किया। इस मौके पर जिला वार्ड संघ के संयोजक जुबेर अंसारी, जिला प्रवक्ता सुमन कुमार सिंह, अवध किशोर राय, अशोक चौहान, मो. हसन, मो. जियाउल, दशरथ पंडित, सत्यनारायण पंडित, किरण देवी, सबरी देवी, नीतू देवी, धोरैया प्रखंड अध्यक्ष संजीव कुमार, बौसी प्रखंड अध्यक्ष जैनुल आलम, कटोरिया प्रखंड अध्यक्ष शुचींद्र यादव सहित सैकड़ों की संख्या में वार्ड सदस्य मौजूद थे।