रेलवे ने शनिवार को भागलपुर-हंसडीहा रेलखंड के मानव रहित समपार पर सड़क को जेसीबी की सहायता से जगह-जगह काट दिया। अधिकारियों को ग्रामीणों के भारी विरोध का भी सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल होने के कारण ग्रामीणों को कई जगह पीछे हटना पड़ा। रेलवे ने सबसे पहले ओरिया गांव के समीप मानव रहित समपार के रास्ते को काट दिया। इसके बाद प्रखंड क्षेत्र के जठोर काकरिया जाने वाले रास्ते में बनाए गए मानव रहित समपार को भी काटने का प्रयास किया। इस बीच मौके पर पहुंचकर सैकड़ों ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन देख अधिकारी बिना सड़क काटे वहां से चले गए। हालांकि रेलवे ने समपार की जगह अंडरग्राउंड पुल का निर्माण कराया है। लेकिन वर्षों पूर्व बने अंडरग्राउंड ब्रिज में सालों भर पानी जमाव रहने के कारण उससे लोग नहीं गुजरते हैं।