आगामी 25 मई से पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता के लिए बांका जिले से सात छात्र-छात्राओं का चयन किया गया है। प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियाें का चयन करने के लिए बाराहाट प्रखंड के छट्ठू शाह आदर्श मध्य विद्यालय में चयन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें बेहतर प्रदर्शन के आधार पर सात खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुना गया। बांका जिला कराटे संघ के सचिव सह कराटे ट्रेनर शरद कुमार यादव ने बताया कि चैंपियनशिप में उम्दा व अच्छा प्रदर्शन करने वाले कराटे खिलाड़ियों का ही इसमें चयन किया गया है। चयनित खिलाड़ियों में प्रिया कुमारी, अंजली कुमारी, डोली कुमारी, अमरजीत कुमार, अंशुमान राज, प्रेम कुमार, शिवम कुमार शामिल हैं।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ी पटना रवाना होने से पहले बांका में अभ्यास करेंगे। जिला कराटा संघ को उनसे पदक जीतने की उम्मीद है।