स्कूल में सीखा ज्ञान ही जीवन में दिखता है : दिलावर
बारां| हम जो स्कूल में सीखते हैं और परिवार से सीखते हैं, वही सीख जीवन और समाज में दिखाई देती है। जो हमें सिखाया जाता है, वही हमें आगे चलकर देश के श्रेष्ठ नागरिक के रूप में स्थापित करता है। यह विचार पूर्व मंत्री मदन दिलावर ने उच्च प्राथमिक स्कूल गोपालपुरा में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए। अध्यक्षता करते हुए शिक्षाविद एडीईओ प्रारंभिक रामेश्वर नागर ने कहा कि विद्यार्थियों ही आगे चलकर देश के भविष्य का निर्माण करते हैं। विद्यार्थियों को चाहिए कि शिक्षकाें द्वारा दिए गए संस्कारों, अनुशासन एवं नैतिक शिक्षा का जीवन में पालन करें और समाज के श्रेष्ठ नागरिक के रूप में खुद को सिद्ध करें।
विशिष्ठ अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार हेमराज बंसल ने कहा कि शिक्षा जगत में नए परिवर्तन हो रहे हैं, हमें भी बदलते परिवेश के साथ अध्यापन प्रणाली के अनुकूल ढलना होगा। विशिष्ठ अतिथि और समाज सेवी कुंजबिहारी नागर ने कहा कि व्यक्ति के जीवन में ईमानदारी और अनुशासन ही उसको समाज में स्थापित करते हैं। वहीं विशिष्ठ अतिथि अशोक करोलिया ने कहा कि हम सभी को समाज के विकास के लिए सरकार का सहयोग करना चाहिए तभी विकास के आयाम छूये जा सकते हैं। एसएमसी अध्यक्ष गोबरीलाल बैरवा, चंद्रभान मीणा, मुरलीधर मीणा ने अतिथियों का स्वागत किया। वहीं हेमराज बंसल ने स्काउट ड्रेस, अशोक करोलिया ने 120 बच्चों को स्कूल बैग, कुंज बिहारी नागर ने 125 बच्चों को ड्रेस उपलब्ध कराई। समारोह के दौरान नियमित उपस्थिति में सर्वाधिकता के लिए 24 श्रेष्ठ तथा नियमित गृहकार्य के लिए 24 श्रेष्ठ विद्यार्थियों को प्रतिभा सम्मान दिया गया। तीन छात्रों को स्कूल में लगे पौधों में पानी देने के लिए सम्मानित किया। समारोह में सुमित्रा पांचाल और प्रमिला नागर ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रशिक्षु शिक्षक प्रशांत शर्मा, शेख मेहताब तथा अशोक शाक्यवाल ने सहयोग किया। संचालन ईको क्लब प्रभारी जितेन्द्र शर्मा पम्मी ने किया।
छबड़ा. विद्या भारती की आेर से संचालित आदर्श विद्या मंदिर का प्रतिभा सम्मान समारोह आयेाजित किया गया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि प्रमोद राठौर थे। मुख्य अतिथि एडीईओ प्रहलाद राठौर थे। अध्यक्षता सुरेश कुमार गुप्ता ने की। प्रधानाचार्य अमृतलाल मीणा ने बताया कि इस दौरान प्रथम व द्वितीय स्थान पर रहने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संास्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई। जिला मंत्री प्रमोद राठौर ने कहा कि व्यक्ति निर्माण करने वाली संस्थाओं में बच्चों को प्रवेश दिलाना चाहिए। प्रथम स्थान पर रही माधवी शर्मा व द्वितीय स्थान पर रहे भावेश शर्मा को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रबंध समिति के सदस्य अशोक भार्गव, संग्राम सिंह मीणा, धर्मप्रकाश जैन मौजूद थे।
समरानिया. कस्बे में स्थित स्वामी विवेकानंद विद्या निकेतन स्कूल में सोमवार को प्रतिभा सम्मान एवं परीक्षा परिणाम वितरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि आरएसएस के जिला बौद्धिक प्रमुख रामबृजेश चौधरी थे। विशिष्ट अतिथि उच्च माध्यमिक बालिका स्कूल केलवाड़ा के व्याख्याता प्रभुलाल मीणा थे। अध्यक्षता सामाजिक कार्यकर्ता हरिचरण मेहता ने की। इस दौरान मुख्य अतिथि चौधरी ने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर के जीवन को आत्मसात कर जीवन में उतारना चाहिए। विशिष्ठ अतिथि मीणा ने कहा कि प्रतिभा और पानी को रोककर नहीं रखा जा सकता। शैक्षिक व सशैक्षिक गतिविधियों में भाग लेने वाले व कक्षा में प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार दिए गए। संचालन राकेश विश्वास ने किया। प्रधानाचार्य जोधराज नागर ने स्कूल प्रतिवेदन व राकेश मेहता ने परीक्षा प्रतिवेदन पढा। सुनील सेन ने आभार जताया।
बारां. प्रतिभा सम्मान समारोह में बच्चों को पुरस्कार देते अतिथि दिलावर।
समरानियां. विद्या भारती स्कूल में आयोजित समरोह में शामिल रहे बच्चे।
बारां. प्रतिभा सम्मान समारोह में उपस्थित बच्चे।