सड़क की मरम्मत के बाद ही आगे बढ़ाएं सीवरेज का कार्य
मिनी सचिवालय में सोमवार को आवश्यक सेवाओं को लेकर साप्ताहिक बैठक आयोजित की गई।
इसमें कलक्टर डॉ. एसपी सिंह ने कहा कि विकास योजनाओं व कार्यक्रमों से संबंधित लक्ष्य की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आमजन की बिजली, पानी, सड़क आदि मूलभूत आवश्यकताओं से संबंधित समस्याओं का त्वरित निस्तारण कर राहत दी जाए। सार्वजनिक निर्माण विभाग ने गौरव पथ व अन्य विकास कार्यों की जानकारी दी। कलेक्टर डॉ. सिंह ने मच्छरों पर रोकथाम के लिए टीमें बनाकर नालियों में एमएलओ के छिड़काव के निर्देश दिए। नगर परिषद आयुक्त जनक सिंह ने बताया कि शहर में अमृत योजना के तहत सीवरेज लाइन का कार्य जारी है। जिसके तहत मरम्मत व समतलीकरण का कार्य किया जा रहा है।
कलक्टर ने निर्देश दिए कि उक्त कार्य के लिए एक बार में 500 मीटर से ज्यादा क्षेत्र की खुदाई न हो एवं पूर्व में किया गया कार्य पूर्ण करने के बाद ही आगे खुदाई की जानी चाहिए। कलक्टर डॉ. सिंह ने कहा कि नीति आयोग के पोर्टल पर सूचनाएं सटीक, तर्कसंगत व सारगर्भित हो क्योंकि उक्त सूचना के आधार पर जिले की रैकिंग तय होगी। इस अवसर पर सीईओ जिला परिषद रामजीवन मीणा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।
बारां. मिनी सचिवालय सभागार में आवश्यक सेवाओं से जुड़ी प्रशासनिक बैठक हुई।