शहर के शारदे आवासीय छात्रावास में चल रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय विषय अध्यापकों के प्रशिक्षण शिविर में सवाईमाधोपुर व करौली जिले के शिक्षक प्रथम चरण में अंग्रेजी व सामाजिक ज्ञान से जुड़ी जानकारी ले रहे हैं। इन शिक्षकों को प्रोजेक्टर के माध्यम से संदर्भ व्यक्तियों द्वारा अंग्रेजी से जुड़ी जानकारी व समसामयिक विषय का ज्ञान बांटा जा रहा है, ताकि अपने-अपने स्कूलों में नवाचार के माध्यम से बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सके।
इस दौरान रविवार को सामाजिक विज्ञान के शिक्षकाें को केंद्र व राज्य सरकार के आपदा प्रबंधन को लेकर प्रशिक्षण दिया गया। वहीं अंग्रेजी के शिक्षकों को प्रशिक्षण के दौरान अंग्रेजी में प्रोजेक्ट वर्क आदि की जानकारी दी गई। शिविर प्रभारी हरिमोहन गालव व रामप्रसाद बैरवा ने बताया कि सभी शिक्षकाें को अंग्रेजी व सामाजिक विज्ञान से जुड़ी विभिन्न प्रकार की जानकारी दी जा रही है।
सामाजिक अध्ययन के संदर्भ व्यक्ति रमेशचंद पारेता, नटराज गुजनारिया व महेंद्र कुमार खींची द्वारा जानकारी दी जा रही है। वहीं अंग्रेजी के संदर्भ व्यक्ति धर्मेंद्र मेघवाल, महावीर मेघवाल व किशनसिंह हाड़ा द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
आयोजन
जिलेभर में सभी ब्लॉकों में आज से शुरू होंगे प्रारंभिक व माध्यमिक शिक्षकों के प्रशिक्षण शिविर
बारां. शारदीय आवासीय विद्यालय में चल रहे शिक्षक प्रशिक्षण शिविर में मौजूद शिक्षक व शिक्षिकाएं।
तृतीय श्रेणी शिक्षकों का प्रशिक्षण आज से: जिले में सर्व शिक्षा अभियान के माध्यम से सोमवार से एसआईक्यूई प्रशिक्षण शिविरों का शुभारंभ होगा, जो 19 जून तक अलग-अलग ब्लॉक में 6-6 दिन के लिए चलेंगे। सर्वशिक्षा अभियान एडीपीसी भवानी सिंह राजावत ने बताया कि जिले के प्रारंभिक व माध्यमिक शिक्षा के अधीन सभी तृतीय श्रेणी के अध्यापकों का प्रशिक्षण सोमवार सुबह 7 बजे से शुरू होगा। इसमें कक्षा 1 से 5वीं तक कक्षा में पढ़ाने वाले 2 हजार 852 शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें बारां व अंता में राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल, अटरू व छबड़ा में शारदे स्कूल के साथ ही किशनगंज, छीपाबड़ौद व हरनावदाशाहजी में कस्तूरबा आवासीय स्कूल में शिक्षक प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। शिविरों का शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा समय-समय पर अवलोकन करने के साथ ही अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।