बारां. किसान के हितों को लेकर कृषि उपज मंडी के मुख्य द्वार पर कांग्रेस क्रमिक धरना जारी रहा।
भास्कर न्यूज | बारां
क्षेत्र के किसानों की समस्याओं सहित फसल का उचित दाम दिलाने की मांग को लेकर कृषि उपजमंडी के मुख्यद्वार पर कांग्रेस की ओर से दिया जा रहा क्रमिक धरना रविवार को 7वें दिन भी जारी रहा।
जिला कांग्रेस कमेटी सचिव एवं धरना सहप्रभारी खेमराज सिंह रहलाई ने बताया कि लहसुन खरीद के मापदंडों में शिथिलता देने, कृषि जिंसों की समर्थन मूल्य पर की जा रही खरीद में टालमटोल नीति अपनाने के विरोध एवं खरीद व्यवस्थाओं में परिवर्तन कर किसानों को राहत देने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से गत 14 मई से मंडी के मुख्यद्वार पर धरना दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिले के किसानों को लहसुन, सरसों एवं चने की बंपर पैदावार होने के बावजूद खुले बाजार में अच्छा भाव नहीं मिल रहा है। समर्थन मूल्य के कांटों पर कई तरह की परेशानी के साथ किस्म की मार के चलते किसानों को घाटा खाकर उपज को खुले बाजार में बेचकर आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
चार हजार से अधिक किसान लहसुन खरीद केंद्र पर रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं, लेकिन सरकार की ओर से लहसुन नहीं खरीदा जा रहा है और किसी न किसी तरह से अड़ंगा लगाया जा रहा है। जिसके कारण विवश होकर किसानों को खुले बाजार में उपज बेचनी पड़ रही है। खेमराज सिंह ने बताया कि कांग्रेस सेवादल संगठक अशरफ देशवाली के नेतृत्व में जिला महामंत्री कैलाश जैन, पार्षद शिवशंकर यादव, नियाज मोहम्मद, हेमराज बैरवा, रोहित गुर्जर, नासिर मिर्जा, मनोज गालव, धनराज मेघवाल, कौशल चौधरी, पार्षद देवेंद्र वैष्णव, विक्रम चौधरी, दिलीप, महेश, महेंद्र गोस्वामी, ललित नागर, हेमंत प्रजापत, मनोज राठौर, आशीष विजय, वसीम अकरम, फखरुद्दीन भाई, हरिराम ऐरवाल, मनीष भार्गव, गिरधर नामा, सुरेश, नीरज यादव, प्रशांत वैष्णव, हमीद पठान, धनराज मीणा, राजेंद्र मीणा, सरदार नायक, विजय यादव समेत कई कांग्रेसी एवं किसान मौजूद थे। जिला महासचिव जैन ने बताया कि सोमवार को सुबह 10 से शाम पांच बजे तक छबड़ा ब्लाॅक के कांग्रेसी धरना देंगे।
लहसुन का उठाव नहीं होने से समर्थन मूल्य की खरीद बंद: छबड़ा. कृषि उपज मंडी परिसर में खरीद केंद्र पर लहसुन का उठाव नहीं होने से बाजार हस्तक्षेप योजना के अंतर्गत सोमवार से लहसुन की खरीद नहीं की जाएगी। क्रय-विक्रय सहकारी समिति के व्यवस्थापक बृजमोहन चौरसिया ने बताया कि दिल्ली की आजादपुर स्थित मंडी में लहसुन के ट्रक भरे खड़े हैं। वहां ट्रकों से लहसुन खाली नहीं हो पाने के कारण छबड़ा मंडी में लहसुन का भारी स्टाक जमा हो गया है। स्थान के अभाव में चलते सोमवार से आगामी सूचना तक छबड़ा मंडी में समर्थन मूल्य पर लहसुन की खरीद नहीं की जाएगी।
भावांतर योजना को लेकर किसान संघ का धरना आज: बारां. भारतीय किसान संघ ग्राम समिति कोटड़ी की बैठक समिति अध्यक्ष मनीष नागर की अध्यक्षता में हुई। जिसमें संभाग प्रचार प्रमुख भीमसिंह सारस्वत ने बताया कि भावांतर योजना लागू करने की मांग को लेकर सोमवार को जिला मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना दिया जाएगा। जिसमें पाठेडा खंड से अधिक से अधिक संख्या में किसान कार्यकर्ता पहुंचकर सहयोग करें। पाठेडा खंड प्रमुख राधेश्याम वैष्णव ने कहा कि प्रत्येक गांव से लगभग 10 किसान कार्यकर्ता धरने में जाएंगे। तहसील मंत्री पुरुषोत्तम सुमन, जैविक प्रमुख छीतरलाल सैनी, युवा प्रमुख सौभागमल मीणा, जिला सहमंत्री जगदीश बैरवा, ग्राम समिति सदस्य ओम नागर, अमृतलाल राठी, भंवरलाल सुमन आदि बैठक में शामिल हुए।
बारां. कोटड़ी गांव में आयोजित भारतीय किसान संघ की बैठक में उपस्थित कार्यकर्ता।