पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • किसानों को उपकरणों की खरीद पर मिलेगा 50 फीसदी अनुदान

किसानों को उपकरणों की खरीद पर मिलेगा 50 फीसदी अनुदान

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
काश्तकारों की आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिए कृषि विपणन बोर्ड ने काश्तकारों के लिए फसलोत्तर प्रबंधन एवं मूल्य संवर्धन मशीन व उपकरण अनुदान एवं प्रदर्शन योजना शुरू की है।

काश्तकारों को अब कृषि उपकरण की खरीद पर 50 प्रतिशत का अनुदान मिलेगा। योजना का क्रियान्वयन कृषि उपज मंडी समितियों के माध्यम से कृषि विपणन बोर्ड की ओर से किया जाएगा। जहां बोर्ड में पंजीकृत मशीन, उपकरण निर्माता या अधिकृत विक्रेताओं से मोल भाव तय कर फसलोत्तर प्रबंधन एवं मूल्य संवर्धन मशीन व उपकरण क्रय करने पर अनुदान दिया जाएगा। योजना के तहत यदि मशीन व उपकरणों की मांग अधिक या मंडी को आवंटित मशीन व उपकरणों की संख्या कम रहने पर गठित कमेटी द्वारा लॉटरी निकाल पात्र कृषकों को लाभ दिया जाएगा।

ऐसे मिलेगा अनुदान: योजना के तहत इच्छुक व चयनित कृषक लाभार्थी को पंजीकृत निर्माता या अधिकृत विक्रेता से मशीन व उपकरण खरीदने से पहले मंडी सचिव को जमा बंदी की नकल, बैंक पासबुक की फोटो कॉपी के साथ स्वयं की पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड सहित प्रार्थना पत्र देना होगा। इसके बाद मंडी स्तर पर गठित कमेटी की ओर से पात्र कृषकों का चयन किया जाएगा। कमेटी की ओर से आवंटित बजट की सीमा में कमेटी के निर्णयानुसार पात्र कृषकों को मशीन व उपकरण खरीदने की अनुमति दी जाएगी। लाभार्थी काश्तकार किसी भी पंजीकृत निर्माता या अधिकृत विक्रेता से मशीन व उपकरण की पूरी कीमत चुकाकर खरीदने के लिए स्वतंत्र होगा।

बारां. मंडी कमेटी की आेर से किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर कृषि यंत्र दिए जाएंगे।

किसान खुद भी खरीद सकेंगे खेती के काम आने वाले उपकरण

बोर्ड की ओर से मशीन या उपकरण की कीमत निर्धारित नहीं होने से काश्तकार किसी भी कीमत पर मशीन की खरीद कर सकेगा। काश्तकार की ओर से खरीदी गई मशीन या उपकरण का 15 दिन में संबंधित ग्राम पंचायत के कृषि पर्यवेक्षक की ओर से भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट मंडी कमेटी को देगा। पर्यवेक्षक की रिपोर्ट के बाद मंडी प्रशासन काश्तकार के बैंक खाते में खरीद की 50 प्रतिशत अनुदान राशि जमा कर भुगतान करेगा।

अभी कृषि विपणन बोर्ड की ओर से आदेश दिए गए हैं, लेकिन स्पष्ट रूप से योजना के क्रियान्वयन को लेकर निर्देश नहीं मिलने से किसी के आवेदन नहीं लिए जा रहे हैं। ऐसे में अगर सरकार की ओर से स्पष्ट निर्देश मिलते हैं तो मंडी समिति की ओर से जल्द ही आवेदन लेने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। - जवाहरलाल नागर, मंडी सचिव बारां

खबरें और भी हैं...