पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • खरीद केंद्र पर अव्यवस्थाएं, 15 हजार में से 5 हजार कट्‌टों का ही उठाव

खरीद केंद्र पर अव्यवस्थाएं, 15 हजार में से 5 हजार कट्‌टों का ही उठाव

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कृषि उपज मंडी में 30 अप्रैल से लगातार लहसुन की खरीद हो रही है, लेकिन समय पर उठाव नहीं होने से अब खरीद केंद्र पर आने वाले किसानों की परेशानी बढ़ सकती है। लहसुन खरीद केंद्र पर लगातार की जा रही खरीद के चलते 15 हजार से अधिक कट्टों का ढेर लग गया है। लेकिन अब तक महज 5 हजार कट्टों का ही उठाव हो पाया है।

ऐसे में राजफेड व उसके बाद नेफेड के माध्यम से समय पर उठाव नहीं करने से धीरे-धीरे खरीद केंद्र पर अव्यवस्थाएं बढ़ रही हैं। ऐसे में अगर गुरुवार शाम तक भी लहसुन का उठाव नहीं होता है तो राजफेड को शुक्रवार को लहसुन खरीद के लिए अलग से यार्ड की व्यवस्था करनी पड़ेगी। ऐसे में लहसुन को लेकर थड़ी भी नहीं लगाई जा सकती है। अगर थड़ी लगाई गई, तो लहसुन के खराब होने की संभावना भी बढ़ जाएगी। वहीं गुरुवार को लहसुन खरीद को लेकर अब दो दिन का समय शेष रहने से पुराने रजिस्ट्रेशन कराने वाले किसान जिनका मैसेज पहले ही आ गया है। वह भी बड़ी संख्या में गुरुवार को खरीद केंद्र पर लहसुन लेकर पहुंच गए। जिसके चलते तकरीबन 45 किसानों के लहसुन काे तोला गया। इसमें से 4 किसानों के लहसुन के सैंपल को फेल भी किया गया है।

चने के मैसेज नहीं आने से बढ़ रही परेशानी: शहर के सब्जीमंडी में चल रहे चने के खरीद केंद्र पर रजिस्ट्रेशन कराने के बाद पर्याप्त मात्रा में किसानों के पास मैसेज नहीं पहुंचने से उन्हें परेशानी हो रही है। किसान कृष्णमुरारी नागर, धर्मसिंह मीणा ने बताया कि अभी अप्रैल के प्रथम सप्ताह में चने का रजिस्ट्रेशन कराने वाले कई किसानों के मैसेज अब तक नहीं आए हैं। इसके चलते किसान आएदिन सरकारी खरीद केंद्र के चक्कर काट रहे हैं। इसमें भी आर्थिक रूप से परेशान कई किसान मैसेज का इंतजार करने के बाद खुले में कम दाम पर चने को बेचने को मजबूर हैं। ऐसे में किसानों ने मैसेज को लेकर भी संख्या बढ़ाने की मांग की है।

लहसुन का उठाव कर सीधे ही बाजार हस्तक्षेप योजना के तहत दिल्ली मंडी में बेचने के लिए ले जाया जा रहा है। लेकिन दो दिन से ट्रक यूनियन की हड़ताल के चलते ट्रक नहीं मिलने से लहसुन का उठाव नहीं हो पा रहा है। अगर शुक्रवार तक उठाव नहीं होगा तो लहसुन की खरीद के लिए किसानों को परेशानी ना हो, इसके लिए अलग से व्यवस्था की जाएगी। -सोमित्र मंगल, क्रय-विक्रय समिति, बारां

बारां. उठाव नहीं होने के कारण मंडी के खरीद केंद्र पर रखे लहसुन के कट्‌टे।

इधर, अटरू मंडी में लहसुन का उठाव नहीं होने से तुलाई बंद

अटरू. कृषि उपज मंडी में समर्थन मूल्य पर लहसुन तुलाई की व्यवस्थाओं को लेकर गुरुवार को किसानों ने एसडीएम को ज्ञापन दिया। किसानों ने एसडीएम जब्बर सिंह को दिए गए ज्ञापन में बताया कि कृषि मंडी में किसानों के टिनशेडों पर व्यापारियों ने कब्जाकर कृषि जिंस जमा रखी है। समर्थन मूल्य पर किसानों का लहसुन मंडी परिसर में जमा हो रहा है। क्रय-विक्रय सहकारी समिति की ओर से लहसुन का उठाव समय पर नहीं करने से मंडी में लहसुन रखने के लिए जगह नहीं होने से गुरुवार को समर्थन मूल्य के कांटों पर लहसुन की तुलाई नहीं हुई। जिससे किसान दिनभर धूप में तपकर तुलाई का इंतजार करते रहे, लेकिन लहसुन की तुलाई नहीं हुई। ज्ञापन में प्रशासन से मांग की है कि व्यापारियों का माल टिनशेड में जमा माल को खाली करवाने की मांग और मंडी में लहसुन का उठाव समय पर करवाया जाए। इस बारे में दिनेश नागर, राधेश्याम, देवकरण नागर, प्रदीप नागर, धनराज, महेंद्र मीणा, रामनिवास, रामप्रसाद, सत्यनारायण, चौथमल, राधेश्याम आदि ने ज्ञापन दिया। क्रय-विक्रय सहकारी समिति व्यवस्थापक गिर्राज सेन ने बताया कि लहसुन का उठाव नहीं होने से मंडी परिसर में जगह नहीं है। जल्दी ही उठाव करवाकर कांटे सुचारू किए जाएंगे।

खबरें और भी हैं...