- Hindi News
- National
- गांवों में पानी को लेकर हालात बिगड़े तो अधिकारी ही होंगे जिम्मेदार: वर्मा
गांवों में पानी को लेकर हालात बिगड़े तो अधिकारी ही होंगे जिम्मेदार: वर्मा
जिले में कहीं भी पानी को लेकर हालात बिगड़े तो संबंधित विभाग के अधिकारी जिम्मेदार होंगे। औसत बरसात होने से पानी की समस्या होना स्वाभाविक है। इस समस्या को आपदा प्रबंधन की योजना बनाकर संवेदनशीलता से हल किया जाना चाहिए। यह बात जिले के प्रभारी मंत्री बाबूलाल वर्मा ने शुक्रवार को मिनी सचिवालय सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक में कही।
जिन स्थानों पर ट्यूबवैल सूख गए हैं वहां टैंकर से पानी की सप्लाई की जाए। साथ ही उन्होंने अटरू, शेरगढ़ पेयजल परियोजना की मुख्य लाइन से आमजन द्वारा स्वयं कनेक्शन लेने व लाइन के क्षतिग्रस्त होने की संभावना के मद्देनजर पीएचईडी के अधिकारियों से कहा कि वे लाइन से आमजन को विभाग के माध्यम से ही कनेक्शन देना सुनिश्चित करें। वहीं बजट घोषणा 2017-18 के कार्य व प्रगति, परवन परियोजना के काम की प्रगति, अमृत योजना के तहत कार्य, अन्नपूर्णा रसोई योजना, हाड़ौती पैनोरमा के काम की प्रगति, सोलर पंप के कार्य, जनता जल योजना के कार्य के संबंध में भी विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान जिले में संचालित अन्य विकास कामों को लेकर भी चर्चा करने के साथ समय पर काम पूरा करने की हिदायत दी। इस दौरान जिला प्रमुख नंदलाल सुमन, एएसपी विजय स्वर्णकार, एडीएम वासुदेव मालावत, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र नागर, सीएमएचओ डॉ. संपतराज नागर मौजूद थे।
बारां.जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेते प्रभारी मंत्री बाबूलाल वर्मा।
विभाग को सूचित करने के बाद भी नहीं पहुंच रहे टैंकर
प्रभारी मंत्री के सामने ही किशनगंज विधायक ललित मीणा ने जलदाय विभाग के अधिकारियों पर टैंकर से पेयजल सप्लाई नहीं करने का आरोप लगाया। विधायक मीणा ने बताया कि ग्राम पंचायत की सभा में पेयजल के लिए टैंकर की आवश्यकता का प्रस्ताव लेने व पीएचईडी को सूचित करने के बावजूद शाहबाद में कई स्थानों पर टैंकर से पेयजल उपलब्घ नहीं कराया जा रहा है। इसके बाद प्रभारी मंत्री वर्मा ने पीएचईडी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी जनप्रतिनिधियों की बात काे गंभीरता से लेकर उसे समय पर पूरा करना चाहिए।
इन योजनाओं को भी जल्द पूरा करने के दिए निर्देश
बैठक में प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के प्रगति, बजट घोषणा के कार्य, हाड़ौती पैनोरमा, नागदा, अंता पेयजल परियोजना, अटरू, शेरगढ़ पेयजल परियोजना, अटरू खेड़लीगंज पेयजल परियोजना, सोलर पंप, जनता जल योजना, अमृत योजना, अन्नपूर्णा रसोई, राजश्री योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस मौके पर सीईओ जिला परिषद रामजीवन मीणा ने बताया कि मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के द्वितीय चरण के तहत समस्त सीसी संबंधी काम पूरा कर लिया गया है।
सीवरेज के चलते शहर में बढ़ रही परेशानी: विधायक रामपाल मेघवाल ने बैठक के दौरान शहर में चल रहे सीवरेज के काम के दौरान निजी कंपनी की ओर से बरती जा रही अनियमितता को लेकर बार-बार लगने वाले जाम व अन्य व्यवस्था को लेकर प्रभारी मंत्री के सामने ही नाराजगी जताते हुए सुधार की मांग की। साथ ही काम के दौरान गुणवत्ता के साथ काम कराने की भी मांग की गई। वहीं सीवरेज काम के दौरान बार-बार जाम नहीं लगे इसके लिए यातायात व्यवस्था बेहतर करने की मांग रखी। इस पर कलेक्टर डॉ. एसपी सिंह ने कहा कि कंपनी को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वह 500 मीटर का काम पूरा करने व सड़क को दुरुस्त करने के बाद ही आगे का काम शुरू करें।
एमजेएसए कामों का किया अवलोकन
प्रभारी मंत्री ने पंचायत समिति बारां की ग्राम पंचायत बटावदा में मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के फॉर्म पौंड और तालाब वेस्टवेयर के काम का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को समय पर काम पूरा करने को कहा। इस दौरान सीईओ रामजीवन मीणा व जलग्रहण विभाग के एसई मुकेश बाबू शुक्ला ने जल स्वावलंबन योजना के तहत अब तक हुए कामों को लेकर जानकारी दी।
पाइप लाइन के लिए प्रभारी मंत्री को ज्ञापन
अटरू| रतनपुरा ग्राम पंचायत के वार्ड नौ गोविंदपुरा के ग्रामीणों ने पानी की पाइपलाइन की मांग को लेकर प्रभारी मंत्री बाबूलाल वर्मा को ज्ञापन सौंपा। पेयजल की गंभीर समस्या को लेकर शुक्रवार सुबह आठ बजे सभी ग्रामीण विधायक रामपाल मेघवाल के पास पहुंचे, जहां उनको ज्ञापन सौंपा। इसके बाद सभी ग्रामीण वाहन रैली के रूप में बारां रवाना हुए और सर्किट हाउस पहुंचे, जहां पर प्रभारी मंत्री बाबूलाल वर्मा को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि अटरू, खेड़लीगंज व रतनपुरा पंचायत के सभी वार्डों में शेरगढ़ परियोजना से पाइपलाइन बिछा दी है, लेकिन रतनपुरा पंचायत के वार्ड नौ गोविंदपुरा को छोड़ दिया है, जिससे ग्रामीणों में रोष है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में काम प्रगति पर है। अभी इसको नहीं जोड़ा गया तो हमेशा समस्या रहेगी।