- Hindi News
- National
- समर्थन मूल्य केंद्र पर तुलाई नहीं होने से नाराज किसानों ने किया प्रदर्शन
समर्थन मूल्य केंद्र पर तुलाई नहीं होने से नाराज किसानों ने किया प्रदर्शन
फल सब्जीमंडी स्थित समर्थन मूल्य खरीद केंद्र पर परेशानियों को लेकर सोमवार सुबह किसानों ने प्रदर्शन किया। किसानों ने तुलाई की समस्या, आईएफएससी कोड आदि दिक्कतों को दुरुस्त करने की मांग की। खरीद केंद्र पर पहुंचे किसानों का कहना था कि पहले 25-25 क्विंटल में दो बार तुलाई की जा रही थी। हाल ही में नए आदेश से एक बार में 40 क्विंटल की तुलाई की जानी है। ऐसे में पहले 25 क्विंटल सरसों, चना की तुलाई करा चुके किसानों की फिर से तुलाई नहीं की जा रही है। शनिवार को भी खरीद केंद्र पर अवकाश रहा। इस दाैरान पहुंचे किसानों को यहां से वापस लौटा दिया, किसानों को कहा गया कि सोमवार को तुलाई होगी। ऐसे में सरसों और चना लेकर पहुंचे किसानों को मना कर दिया गया है। इससे नाराज किसानों ने सुबह करीब 11 बजे खरीद केंद्र पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। (संबंिधत समाचार| 14 पर)
बारां. कृषि उपज मंडी स्थित समर्थन मूल्य खरीद केंद्र पर प्रदर्शन करते किसान।
पहले 25 क्विंटल की तुलाई करा चुके किसानों की जिंस फिर नहीं तौल रहे
समस्या के निस्तारण को लेकर जनप्रतिनिधियों को भी अवगत कराया गया। रामपुरिया निवासी देवेंद्र सिंह ने बताया कि पहले 25 क्विंटल की तुलाई करा चुके किसानों की फिर से जिंस नहीं तौली जा रही है। समरानियां निवासी गिर्राज शिवहरे ने बताया कि आईएफएससी कोड, बैंक खाता की समस्या निस्तारण को लेकर मोबाइल पर मैसेज आ रहे हैं। इसमें दर्शाए टोल फ्री नंबर पर फोन नहीं लग रहा है। वहीं खरीद केंद्र पर खाता संख्या व आईएफएस कोड सुधारने को लेकर व्यवस्था नहीं है। खैराली निवासी प्रमोद नागर और आमापुरा निवासी भैंरूलाल ने कहा कि खरीद केंद्र पर दूसरी बार कृषि जिंस लाने व भराई पर करीब 1500 रुपए अतिरिक्त खर्च हो गए हैं। केंद्र अव्यवस्था के चलते किसानों को परेशानी हो रही है। किसानों का आरोप था कि शनिवार को अन्य किसानों काे अवकाश बताकर लौटाया गया, वहीं कुछ किसानों की कृषि जिंस की रात तक तुलाई की गई। खरीद केंद्र कर्मचारियों का कहना था कि साॅफ्टवेयर में एक बार ही 40 क्विंटल तुलाई का मैसेज आ रहा है। ऐसे में एक बार 25 क्विंटल तुला चुके किसानों की जिंस फिर से लेने में परेशानी आ रही है।