खरीद सीमा 25 से 50 क्विंटल की जाए, गुणवत्ता के नाम पर न करें परेशान
अटरू| भारतीय किसान संघ ने किसानों की समस्याओं को लेकर सोमवार सुबह साढ़े 10 बजे कृषि उपज मंडी के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन कर एसडीएम जब्बर सिंह को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि प्रति किसान 25 क्विंटल की खरीद सीमा को बढ़ाकर 50 क्विंटल किया जाए। समर्थन मूल्य की खरीद पर गुणवत्ता के नाम पर परेशान करना बंद किया जाए। किसानों की जैसी फसल वैसे खरीद की जाए। खरीद केंद्र पर बेची गई फसलों का भुगतान कराने सहित 13 सूत्री मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया। भारतीय किसान संघ ने ज्ञापन में चेतावनी दी कि सात दिन में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों का घेराव किया जाएगा। इस मौके पर भारतीय किसान संघ के प्रदेश महामंत्री कैलाश गंदाेलिया, जिला उपाध्यक्ष रणवीर सिंह, तहसील अध्यक्ष रघुवीर वैष्णव, उत्तमचंद नागर, हेमराज नागर, नेमीचंद नागर, पवन गंदोलिया, सुरेश नागर, कमलेश नागर, परमेश्वर शर्मा, पप्पूलाल नागर सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।
छबड़ा. भारतीय किसान संघ की आेर से समर्थन मूल्य खरीद केंद्र पर हो रही अव्यवस्थाओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया। जिसमें बताया कि समर्थन मूल्य पर किसान का माल जैसा है उसे खरीदा जाए, गुणवत्ता के नाम पर परेशान ना किया जाए। वहीं लहसुन में भावान्तर योजना के तहत खरीद शुरू की जाएगी। ज्ञापन देने वालों में तहसील अध्यक्ष रामबाबू शर्मा, जिलाउपाध्यक्ष नंदकिशोर नागर, नगर अध्यक्ष संतोष मित्तल, युवा प्रमुख मनीष उपाध्याय, हरिशंकर नागर, कृष्णगोपाल शर्मा आदि मौजूद थे।
मांगरोल. भारतीय किसान संघ की आपात बैठक सोमवार को ब्रह्माणी माता मंदिर परिसर में जिला प्रचार प्रमुख चौथमल नागर एवं तहसील अध्यक्ष सत्यप्रकाश नागर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में किसानों की समस्याओं के निराकरण को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान तय किया गया कि यदि 19 अप्रैल तक समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो किसान संघ आंदोलन शुरू करेगा। इन दिनों तुलाई केंद्रों पर अनियमितता से किसानों को हो रही परेशानी सहित कई समस्याओं के समाधान की मांग की गई। बैठक में कोमल मीणा, धनपाल मीणा, सत्यनारायण, देवेंद्र नागर, रामराज मीणा, हरिप्रकाश मीणा, हुकमचंद्र सहित कई किसान मौजूद थे।
बारां| भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ताओं ने सोमवर को जिलेभर के खरीद केंद्रों पर प्रदर्शन किया। इनका कहना था कि चना, सरसों, गेहूं के खरीद केंद्र बिना तैयारी के खोले हैं। 15 मार्च से खरीद शुरू होने पर अभी तक किसानों को भुगतान नहीं मिला है। किसानों की समस्या को लेकर खरीद केंद्र पर प्रदर्शन के दौरान प्रांत मंत्री शंकरलाल नागर, प्रांत राजस्व प्रमुख अमृत छजावा, प्रांत प्रचार प्रमुख हेमराज यदुवंशी के नेतृत्व में जिलाध्यक्ष विक्रम सिरोहीया ने क्रय-विक्रय सहकारी समिति प्रबंधक सोमित्र मंगल को मुख्यमंत्री के नाम दस सूत्रीय ज्ञापन दिया। किसानों की समस्याओ को लेकर ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि प्रति किसान 40 क्विंटल की खरीद सीमा को 50 क्विवंटल किया जाए, सरकार अधिकतम जिन किसानों की 25 क्विंटल उपज तुलाई हुई है, उनको भी 50 क्विंटल का लाभ दिया जाए, प्याज, लहसुन व धनिया की भावांतर योजना के तहत शीघ्र खरीद शुरू की जाए, पंजीकृत हुए सभी किसानों की पूरी उपज खरीद की जाए और बारदाना भंडारण के लिए वेयर हाउस की पर्याप्त व्यवस्था की मांग की गई। खरीद केंद्र पर प्रदर्शन के दौरान कोषाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण शर्मा, सहमंत्री जगदीश बैरवा आदि मौजूद थे।
अंता. किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार को भारतीय किसान संघ की आेर से तहसील अध्यक्ष गणपतलाल नागर, उपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश माली, मंत्री परमानंद नागर, तहसील प्रमुख सीताराम नागर, जिला सदस्य लक्ष्मीचंद नागर के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम मनोज कुमार मीणा को 13 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया। जिसमें किसानों की उपज के बराबर तुलाई करने, जुलाई की सीमा बढ़ाने, किसान की फसल जैसी खेत में उत्पन्न हुई है उसे पूरी खरीदने, 15 मार्च के बाद खरीदी गई जिंसों का भुगतान करने, सरसों व रायडा को एक ही किस्म मानने, तोल केंद्र पर एक क्विंटल पर एक किलो अधिक फसल लेने को रोकने, खरीद केंद्र पर तौल की गति बढ़ाने, नए खरीद केंद्र खोलने सहित कई समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
समरानियां| कस्बे के समर्थन मूल्य खरीद केंद्र पर आ रही समस्याओं के चलते किसान संघ के बैनर तले पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। किसान संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि समर्थन मूल्य खरीद केंद्र पर किसान उपज की सम् पूर्ण खरीद की जाए। गेहूं का तोल केंद्र स्थापित किया जाए। गेहूं को 2 हजार रुपए प्रति क्विंटल खरीदा जाए। फसल खरीद का भुगतान जल्द किया जाए आदि समस्याओं के समाधान के लिए किसान संघ ने ज्ञापन सौंपा। इस दौरान जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह सिरोहिया, प्रांत मंत्री शंकरलाल, तहसील अध्यक्ष मूलचंद नागर, मंत्री महेशचंद मौजूद थे।
बारां. कृषि उपज मंडी में सोमवार को प्रदर्शन करते किसान।
समरानियां. प्रदर्शन करते भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ता।
अटरू. एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देते किसान संघ के कार्यकर्ता।