दिव्यांगों को उपकरण मिले तो खिल उठे चेहरे
राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान द्वारा मंगलवार को कोटा रोड उच्च माध्यमिक स्कूल मेंं दिव्यांग बच्चों को अंग वितरण कार्यक्रम का आयोजन समारोहपूर्वक किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि विधायक रामपाल मेघवाल ने कहा कि दिव्यांगों को सरकार की ओर से विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लाभांवित किया जा रहा है।
ऐसे में जिले के दिव्यांग बच्चोंं को बांटे गए उपकरण से उनके जीवन में नया संचार आएगा। उनको सरकार की ओर से मिल रही विभिन्न सुविधाओं का लाभ दिलाने के व लेने के लिए अभिभावकों को भी जागरुकता दिखानी होगी। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला प्रमुख नंदलाल सुमन ने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांग कल्याण के लिए गंभीर है।
स्कूलों में पढ़ने वाले दिव्यांग बच्चों को किसी तरह से परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। इसके लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लाभांवित किया जा रहा है। मंगलवार को आयोजित समारोह के दौरान बच्चों को जब विभिन्न प्रकार के उपकरण अतिथियों द्वारा दिए जा रहे थे तो उनके चेहरे पर अलग प्रकार की मुस्कान देखने को मिल रही थी। इस दौरान अतिथि के रूप में भाजपा नेता हरगोविंद जैन, भाजपा नगर अध्यक्ष सुरेंद्र गालव, एडीपीसी रमसा भगीरथ मीणा, एडीपीसी सर्व शिक्षा अभियान भवानी सिंह राजावत, उच्च माध्यमिक स्कूल की प्रधानाचार्य मैना जैन भी मौजूद थी। समारोह के दौरान अतिथियों का आयोजन से जुड़े राजेंद्र चतुर्वेदी द्वारा साफा बांध व माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
206 बच्चे लाभांवित
दिव्यांग बच्चों को अंग वितरण समारोह के दौरान 206 विद्यार्थियों को लाभांवित किया गया है। जिन्हें नवंबर माह में चिन्हित करने का कार्य किया गया था। इसमें से 26 विद्यार्थियों को ट्राइसाइकिल, 16 व्हील चेयर, 12 रोलेटर बड़े, 6 रोलेटर छोटे, 6 बेल कीट, 1 समीट केन, 12 क्रेटेट, एक केल्बो एपो का वितरण किया गया। इस दौरान बच्चों के साथ आए अभिभावकों ने पहुंचकर उपकरण लिए। इसके बाद सभी बच्चों का अतिथियों द्वारा स्वागत भी किया गया।
बारां. शहर के कोटा रोड स्थित उच्च माध्यमिक स्कूल में आयोजित शिविर में दिव्यांगों को ट्राइसाइकिल व सहायक उपकरण वितरित किए गए।