प्रशिक्षण शिविर में 60 शिक्षक 10 दिन तक सीखेंगे पढ़ाने के गुर
सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को भी निजी स्कूलों की तर्ज पर बेहतर शिक्षा मिले, इसके लिए बुधवार से शहर के मां शारदे आवासीय छात्रावास में 10 दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया।
पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ डीईओ माध्यमिक रामकल्याण मीणा, बीईओ रामेश्वर नागर, रमसा के एडीपीसी भागीरथ मीणा, एडीईओ माध्यमिक प्रहलाद राठौर, उच्च माध्यमिक स्कूल कोटा रोड प्राचार्य मैना जैन ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि यहां पर सवाईमाधोपुर व करौली से शिक्षक कुछ सीखने के लिए आए हैं। ऐसे में शिक्षकों की जिम्मेदारी बनती है कि वह अपने जिले में बच्चों को बेहतर शिक्षा दें। इसके लिए सभी शिक्षकों को 10 दिन तक अनुशासन में रहकर यहां पर प्रशिक्षण लेना होगा। इस दौरान रमसा के एडीपीसी मीणा ने कहा कि यहां पर सभी शिक्षकों के लिए बेहतर व्यवस्था की गई है। इसके बावजूद कई शिक्षक इन प्रशिक्षण शिविरों को महज औपचारिकता से लेते हैं। यह उन बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ होगा, जिनके उज्ज्वल भविष्य व बेहतर शिक्षा के लिए आपको प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ऐसे में हर सत्र में सभी शिक्षक गहनता से आरपी की बातों को ध्यान से सुनकर उन पर अमल कर अपने-अपने जिले में नवाचार करने का प्रयास करें। इस दौरान शिविर प्रभारी रेखा जैन ने बताया कि शिविर में सवाईमाधोपुर व करौली जिले के 60 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। शिविर 25 मई तक चलेगा। इसके बाद अगला चरण 7 से 16 जून तक चलेगा। इसमें गणित व विज्ञान विषय के शिक्षक भाग लेंगे। वहीं शिविर प्रभारी ने बताया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए सभी कक्षों में कूलर व पंखों की व्यवस्था की गई है। उद्घाटन सत्र में दिनेश, पवन, रमेशचंद्र, नटराज, धर्मेंद्र मेघवाल मौजूद थे।
जिला मुख्यालय पर सामाजिक व अंग्रेजी के अध्यापकों को 10 दिन तक रमसा के माध्यम से दिया जाएगा प्रशिक्षण
बारां. शहर के शारदेय छात्रावास में आयोजित शिक्षक प्रशिक्षण शिविर में भाग लेते शिक्षक।