गर्मी में सूखते जा रहे पौधों को दिया जीवन
बारां| महात्मा ज्योतिबा राव फुले सेवा समिति के कार्यकर्ताओं ने मदन रैगर व जिलाध्यक्ष राकेश सुमन के नेतृत्व में सुबह सात बजे मांगरोल रोड पर डिवाइडरों के पौधों को पानी दिया।
जिलाध्यक्ष सुमन ने बताया कि चौराहे से कर्माजी की बावड़ी तक डिवाइडर के पौधों को पानी देकर श्रमदान किया। इस दौरान लिसाड़िया के पूर्व सरपंच मोतीलाल मीणा ने कहा कि नगर परिषद की ओर से शहर में मुख्य मार्गों पर डिवाइडरों पर लगे पौधों को पानी नहीं पिलाया जा रहा है। इस कारण पौधे सूखते जा रहे हैं। सुमन व रैगर ने नगर परिषद से रोज डिवाइडर के पौधों को पानी देने के लिए एक टैंकर लगाने की मांग की है। रैगर ने बताया कि डिवाइडर पर कचरा हो रहा है। नगर परिषद को इसकी भी सफाई करवानी चाहिए। इस अवसर पर महात्मा ज्योतिबा फुले के अध्यक्ष सुमन व बगरूधाम समिति के अध्यक्ष हरिशंकर सुमन, अखिल भारतीय रैगर महासभा जिला प्रवक्ता सूरजमल तलेरियां, अजय जैन, सूरज सुमन, दुर्गेश, राकेश सेन, गिर्राज सैनी, महेंद्र चौहान, युवा नेता ब्रजराज इकलोरिया आदि मौजूद थे।