पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सूची में 30 किसानों का आया नाम 10 पहुंचे, 3 का सैंपल किया फेल

सूची में 30 किसानों का आया नाम 10 पहुंचे, 3 का सैंपल किया फेल

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जिले में सरकारी खरीद केंद्रों पर अव्यवस्थाओं के चलते किसानों की परेशानी कम नहीं हो रही है। शहर की सब्जीमंडी में चने व सरसों के खरीद केंद्र पर मैसेज आने के बाद किसान ट्रॉलियां लेकर पहुंच गए।

एक दिन पहले ट्रक यूनियन की हड़ताल के चलते माल का उठाव नहीं होने से बुधवार को किसान तुलाई को लेकर इंतजार करते रहे। किसानों ने तोल केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ नाराजगी जताई, तो दो ट्रकों को मौके पर बुलाकर माल का उठाव किया। इसके बाद दोपहर 12 बजे बाद तुलाई शुरू हो पाई। किसानों का कहना था कि भीषण गर्मी को देखते हुए सुबह 8 बजे ही तोल केंद्र पर आ गए। यहां पर उठाव नहीं होने से ट्रैक्टर खड़े करने की जगह भी नहीं मिली। जिसके चलते किसानों को बाद में उठाव के लिए ट्रक आने के बाद 4 घंटे तक तुलाई को लेकर इंतजार करना पड़ा। इसके बाद दोपहर 12 बजे से तुलाई शुरू होने पर किसानों ने राहत की सांस ली। वहीं कई किसान चने को लेकर मैसेज नहीं आने पर भी परेशान नजर आए। किसानों का कहना था कि ऐसे 40 से 50 किसानों के ही रोज मैसेज आएंगे तो तुलाई होने में ही बारिश का सीजन शुरू हो जाएगा। सरकार को तुलाई को लेकर मैसेज बढ़ाने के साथ कांटों की संख्या भी बढ़ानी चाहिए।

इधर, 10 में से 3 किसानों के लहसुन के सैंपल फेल: लहसुन की खरीद को लेकर तिथि बढ़ नहीं रही। जिन किसानों की सूची आ रही है, उनके भी सैंपल फेल होने से किसान को आर्थिक रूप से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को कृषि उपज मंडी में खरीद केंद्र पर 30 किसानाें की सूची पहुंची थी। इसमें से 10 किसान दोपहर 12 बजे तक तोल केंद्र पर पहुंच भी गए थे। इसमें से किस्म निरीक्षक द्वारा 3 किसानों के सैंपल फेल करने के बाद किसान निराश हो गए। बाद में काफी देर तक मान-मनुहार करने के बाद भी किसानों का लहसुन नहीं खरीदा गया, तो किसानों को मजबूरी में खुले में जाकर कम दाम में लहसुन को बेचना पड़ा।

बारां. कृषि मंडी खरीद केंद्र पर लहसुन का उठाव नहीं होने से शेड में रखे कट्‌टे।

किसान महापंचायत दायर करेगी याचिका: किसानों को फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम पर कृषि उपज मंडियों में खरीद नहीं हो इस कानून की पालना करने के लिए किसान महापंचायत हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर करेगी। किसान महापंचायत के प्रदेश संयोजक सत्यनारायण सिंह ने बताया कि इसको लेकर जयपुर में राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक के बाद निर्णय लिया है। किसान महापंचायत की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल जाट प्रदेश स्तरीय बैठक में जनहित याचिका का प्रारूप तैयार कर विस्तार से चर्चा की।

मंगलवार को ट्रक यूनियन की हड़ताल के चलते ट्रक नहीं मिलने से चना व सरसों का उठाव नहीं होने से बुधवार को देरी से खरीद हो पाई। जो भी बुधवार को खरीद केंद्र पर आए हैं, उन सभी किसानों को देर रात तक तुलाई कर संतुष्ट किया जाएगा। किसानों को भी खरीद केंद्र के व्यवस्थापकों की परेशानी को समझना चाहिए। -सोमित्र मंगल, महाप्रबंधक, क्रय-विक्रय सहकारी समिति, बारां

खबरें और भी हैं...