छबड़ा. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर की ओर से विधिक जागरुकता अभियान के तहत दो दिन के लिए जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए ताल्लुका विधिक सेवा समिति को मोबाइल वैन उपलब्ध करवाई गई। जिसके माध्यम से समिति सदस्यों ने गांव-गांव जाकर योजनाओं का प्रचार किया।
सचिव हनुमान सहाय मीणा ने बताया कि अधिवक्ता देवेंद्र मेहता, रईस अहमद खान, पीएलवी मोहम्मद शकील, हेमराज कुमावत ने मोबाइल वैन से तहसील के हनुवतखेड़ा, उदपुरिया, घट्टा, घट्टी, भूलोन, जैपला एवं कोटड़ापार पहुंचकर बाल विवाह के नुकसान, पीड़ित प्रतिकर स्कीम, विधिक सहायता व साक्षरता योजना तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की ग्रामीणों को जानकारी दी। उन्होंने न्यायालयों में लंबित मुकदमों को आपसी समझाइश तथा लोक अदालत के माध्यम से सुलझाने के फायदे भी बताए।
वहीं अधिवक्ता श्यामलाल पारीक एवं पीएलवी कौशल्या रमानी ने ग्रीन पार्क स्थित वृद्धावस्था आश्रम में सीनियर सिटीजन से संबंधित कानूनी जानकारी एवं बाल विवाह निषेध शिविर का आयोजन किया। वहीं ग्रामीणों को बाल विवाह के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई।
छबड़ा| न्याय आपके द्वार अभियान के तहत झरखेड़ी में राजस्व लोक शिविर आयोजित किया गया। जिसमें एसडीएम नेकराम नागर ने छह राजस्व प्रकरणों का निस्तारण किया। तहसीलदार गिर्राजप्रसाद ने बताया कि शिविर में 385 खाता दुरुस्ती, एक खाता विभाजन कर 250 राजस्व नकलें जारी की गई। पंचायत प्रसार अधिकारी हरनारायण लोधा ने बताया कि पंचम वित्त आयोग की योजना के तहत चार कार्य स्वीकृत किए गए। शिविर में दो जन्म मृत्यु जारी कर 10 राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन एवं दो राज्य वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत की गई। कृषि विभाग ने 34 कृषि यंत्र के आवेदन लिए तथा आयुर्वेद विभाग ने 12 एवं चिकित्सा विभाग ने 45 रोगियों का उपचार किया।
बारां . राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देश पर जिले के सभी न्यायालय परिसरों में 14 जून को तीसरी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर शनिवार को जिला मुख्यालय के न्यायिक अधिकारियों की बैठक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश निर्मलसिंह मेड़तवाल की अध्यक्षता हुई। जिसमें न्यायिक अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। सभी न्यायिक अधिकारियों को राष्ट्रीय लोक अदालत में राजीनामा योग्य अधिक से अधिक प्रकरणों को चिन्हित करने एवं चिन्हित करने से पूर्व प्रकरणों में प्री-काउंसलिंग करने के निर्देश दिए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव गौरव शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
छात्राओं को दी कानून की जानकारी
बारां| तालुका विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से न्याय आपके द्वार कार्यक्रम के तहत शहर के गर्ल्स पीजी कॉलेज में शुक्रवार को शिविर लगाया गया। शिविर में छात्राओं को सीनियर सिटीजन से संबंधित कानून की जानकारी दी। इसके अलावा आदिवासियों के संरक्षण एवं उनसे संबंधित कानूनों की जानकारी दी गई। एससी, एसटी कानून की जानकारी दी गई। साथ ही कन्या भ्रूण हत्या, बाल विवाह के दुष्परिणाम, भेदभाव की समस्या आदि की जानकारी दी।